भारतीय मजदूर संघ स्थापना दिवस पर श्रमिक हितों का संकल्प, अब सीमेंट उद्योग, अस्पताल और निजी प्रतिष्ठानों तक होगा संगठन का विस्तार
छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने किया कार्यालय का शुभारंभ, कहा— राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित ही भारतीय मजदूर संघ की पहचान
भिलाईनगर। भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र छावनी-जामुल स्थित एसीसी चौक के समीप भारतीय मजदूर संघ कार्यालय का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान विश्वकर्मा, भारत माता तथा भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 23 जुलाई 1955 को भोपाल में दत्तोपंत ठेंगड़ी ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती के अवसर पर की थी। स्थापना के बाद से संगठन देश के मेहनतकश श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, उन्हें न्यूनतम वेतन का लाभ दिलाने और उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। संगठन हमेशा “देशहित में काम और काम का पूरा दाम” के सिद्धांत पर कार्य करता है। राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारतीय मजदूर संघ आज देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है, जो श्रमिकों के हितों की रक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय मजदूर संघ, जिला दुर्ग द्वारा संगठन विस्तार का संकल्प भी लिया गया। निर्णय लिया गया कि भिलाई इस्पात संयंत्र, एनएसपीसीएल, बिजली, सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मियों, नगर निगम क्षेत्र, डाक विभाग तथा अन्य औद्योगिक इकाइयों में सक्रिय संगठन अब जिले के सीमेंट उद्योग, निजी एवं सरकारी अस्पतालों, निजी छोटी खदानों तथा होटल उद्योग में कार्यरत श्रमिकों तक भी अपनी पहुंच बढ़ाएगा। संगठन विस्तार अभियान को सफल बनाने के लिए वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त कार्यकर्ताओं के अनुभव का भी लाभ लिया जाएगा।
कार्यक्रम को जिला मंत्री हरिशंकर चतुर्वेदी एवं स्वायत्तशासी जिला प्रभारी शशिभूषण मोहंती ने भी संबोधित करते हुए श्रमिक एकता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
इस अवसर पर स्वायत्तशासी प्रदेश अध्यक्ष शरद दुबे, सह प्रचार मंत्री नवीन कुमार साहू, राज्य कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष शशिभूषण शर्मा, दक्षिण पूर्व रेलवे से बसंत महापात्रा, सूरज देवांगन, भिलाई इस्पात मजदूर संघ से प्रदीप पाल एवं वंश बहादुर सिंह, निर्माणी मजदूर संघ से श्रीमती वसुंधरा चौरे, देवेंद्र चंद्राकर, महेश वर्मा, रोहित बंजारे, संतोष पांडे, संजीव तिवारी, नेहरू साहू, बालमिकी सिंह, विकास गायकवाड़ सहित भारतीय मजदूर संघ के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन जिला अध्यक्ष श्रीमती मिथलेश विश्वकर्मा के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

