17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक निकलेगी भव्य बोल बम कांवर यात्रा, तैयारियों को लेकर कुम्हारी में हुई अहम बैठक

 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक निकलेगी भव्य बोल बम कांवर यात्रा, तैयारियों को लेकर कुम्हारी में हुई अहम बैठक

कुम्हारी। सावन माह के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक आयोजित होने वाली भव्य बोल बम कांवर यात्रा महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कुम्हारी के वार्ड क्रमांक-8 स्थित सामुदायिक भवन में बोल बम कांवर यात्रा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक एवं प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने की। बैठक में यात्रा को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय स्वरूप देने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर जिम्मेदारियां तय की गईं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी हजारों शिवभक्तों की सहभागिता के साथ पाटन से टोलाघाट तक विशाल कांवर यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ पाटन स्थित ओग्गर तालाब में विराजमान भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं आशीर्वाद के साथ होगा। समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग से “एक मुठ्ठी अन्नदान” अभियान चलाया जाएगा, जिससे महाप्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा।नगरपालिका अध्यक्ष एवं समिति सदस्य मीना वर्मा ने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। हर वर्ष हजारों शिवभक्त “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए इस यात्रा में शामिल होते हैं और इस बार भी श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भागीदारी की उम्मीद है।बैठक में यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, भोजन, विश्राम स्थल, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, प्रचार-प्रसार तथा स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग कार्यों का दायित्व भी सदस्यों को सौंपा।

बैठक के अंत में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समिति सदस्य राकेश पाण्डेय ने पाटन क्षेत्र के सभी सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारी बंधुओं, स्वयंसेवकों तथा शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवर यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या समिति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और सामूहिक सहभागिता का महापर्व है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक आयोजित होने वाली इस भव्य कांवर यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।

बैठक में प्रमुख रूप से जितेन्द्र वर्मा, दिलीप साहू, मीना वर्मा, राकेश पाण्डेय, धर्मेंद्र सिन्हा, राजू निषाद, गोल्डी गोस्वामी, दीपक चतुर्वेदी, तृप्ति चंद्राकर, रागिनी निषाद, योगिता वर्मा, जूही चंद्राकर, उमाकांत साहू, शुभम पाण्डेय, रामप्रकाश गुप्ता, फिंगेश्वर साहू, उद्धव साहू, स्वर्णलता साहू, रीता पाण्डेय, साधना स्वर्णकार, ओंकार मार्कण्डेय, नीलम बंजारे, ताम्रध्वज साहू सहित बोल बम कांवर यात्रा समिति के अनेक सदस्य एवं शिवभक्त उपस्थित रहे।