17 अगस्त की विशाल बोल बम कांवर यात्रा में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को निमंत्रण, पाटन में तैयारियां तेज
बोल बम समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा ने विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री से की सौजन्य भेंट, हजारों शिवभक्तों की सहभागिता से निकलेगी भव्य कांवर यात्रा
पाटन। सावन माह में आयोजित होने वाली क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित विशाल बोल बम कांवर यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन के संयोजक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें आगामी 17 अगस्त को आयोजित होने वाले विशाल बोल बम कांवर यात्रा महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
इस दौरान श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री को आयोजन की विस्तृत रूपरेखा, तैयारियों तथा यात्रा के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर पाटन से टोलाघाट तक हजारों शिवभक्तों की सहभागिता से भव्य कांवर यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।
जितेन्द्र वर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि बोल बम कांवर यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा भावना, अनुशासन और जनसहभागिता का भी एक विराट उत्सव है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयघोष “बोल बम” के साथ पाटन से टोलाघाट तक पदयात्रा कर पवित्र जल लेकर जलाभिषेक करेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा शिविर, पेयजल, भोजन, विश्राम केंद्र, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा स्वच्छता संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए बोल बम कांवर यात्रा समिति को आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
समिति की ओर से क्षेत्र के श्रद्धालुओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक निकलने वाली इस भव्य कांवर यात्रा को ऐतिहासिक और सफल बनाने की अपील की गई है।

