मां महामाया मंदिर परिसर में हरियाली का महाअभियान: 250 से अधिक पौधों का वृहद वृक्षारोपण, ‘मौहारी’ की हरियाली लौटाने का संकल्प

 मां महामाया मंदिर परिसर में हरियाली का महाअभियान: 250 से अधिक पौधों का वृहद वृक्षारोपण, ‘मौहारी’ की हरियाली लौटाने का संकल्प

महुआ, पीपल, बरगद, नीम, हर्रा, बहेरा और शीशम के पौधे लगाए गए, जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।

कुम्हारी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुम्हारी स्थित मां महामाया मंदिर प्रांगण एवं दशहरा मैदान में सोमवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। मां महामाया देवी मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा वन विभाग धमधा परिक्षेत्र के कुम्हारी सर्किल तथा नगर पालिका परिषद कुम्हारी के सहयोग से आयोजित इस अभियान में 250 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा ने महुआ का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने ट्रस्ट समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की।अभियान के तहत महुआ, आंवला, नीम, हर्रा, बहेरा, पीपल, बरगद और शीशम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विशेष रूप से 180 महुआ के पौधों का रोपण कर क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान “मौहारी” को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया गया।

मां महामाया देवी मंदिर ट्रस्ट कमेटी के संरक्षक अशोक दीवान ने बताया कि चार-पांच दशक पहले यह पूरा क्षेत्र महुआ के घने जंगलों से आच्छादित था, जिसके कारण इसे “मौहारी” के नाम से जाना जाता था। समय के साथ पेड़ों की कटाई बढ़ने से हरियाली समाप्त हो गई। अब ट्रस्ट समिति इस ऐतिहासिक प्राकृतिक विरासत को पुनः स्थापित करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

ट्रस्ट अध्यक्ष नारायण वर्मा ने बताया कि समिति मंदिर के विकास, धार्मिक पर्यटन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इससे पहले भी मंदिर परिसर में वृक्षारोपण, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार तथा बच्चों के मनोरंजन के लिए व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों का संरक्षण भी ट्रस्ट की प्राथमिकता होगी ताकि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र फिर से हरियाली से आच्छादित हो सके।

कार्यक्रम का संचालन रामाधार शर्मा ने किया, जबकि महेंद्र अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर, कुम्हारी सर्किल के बीटगार्ड अब्दुल कासिम, भाजपा नेता राकेश पाण्डेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिन्हा, पार्षद उमेश्वरी साहू, उमाकांत साहू, लता साहू, एल्डरमैन गोल्डी गोस्वामी, अवधेश शुक्ला, नारायण सोनकर, मिथलेश यादव, रामकुमार सोनी, फिंगेश्वर साहू, दीपक चतुर्वेदी, ट्रस्ट समिति के महेंद्र अग्रवाल, नेतराम यादव, विजय वर्मा, मनोज वर्मा, रोहित सिन्हा, देवा चक्रधारी, पप्पू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, स्वच्छता दीदियां और पत्रकार उपस्थित रहे।