स्कूली छात्रों से मारपीट और वसूली करने वाले दो युवक गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पुलिस अभिरक्षा में
शराब पीने के लिए मांगते थे पैसे, विरोध करने पर छात्रों को डराते-धमकाते और करते थे मारपीट
भिलाई। खुर्सीपार क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को रोककर उनसे मारपीट, गाली-गलौज और शराब पीने के लिए पैसे मांगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल दो अपचारी बालकों के खिलाफ भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक हॉकी स्टिक भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 की रात करीब 8:40 बजे खुर्सीपार निवासी मोहम्मद शब्बीर ने थाना खुर्सीपार पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि क्षेत्र के कुछ युवक स्कूल आने-जाने वाले छात्रों को रास्ते में रोककर परेशान करते हैं, उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हैं तथा शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। पैसे नहीं देने पर छात्रों को डराया-धमकाया जाता है और उनके साथ मारपीट की जाती है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 273/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत विवेचना शुरू की।
स्कूल समय में पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने स्कूल समय में घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पीड़ित छात्रों और शिकायतकर्ता द्वारा आरोपियों की पहचान युवराज साहू और शेखर गुप्ता के रूप में की गई। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 14 जुलाई को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सुनसान जगहों पर बनाते थे छात्रों को निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को सुनसान स्थानों पर रोकते थे। वहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर शराब पीने के लिए पैसे मांगते थे। विरोध करने वाले छात्रों को धमकाकर भय का माहौल बनाया जाता था।
मदनी मस्जिद के पास करते थे वारदात
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गतिविधियां मुख्य रूप से मदनी मस्जिद के पास स्थित मदरसा जोन-02 क्षेत्र, खुर्सीपार में संचालित हो रही थीं। छात्रों की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर पूरे मामले का खुलासा किया।
गिरफ्तार आरोपी
- युवराज साहू (19 वर्ष), निवासी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार, भिलाई।
- शेखर गुप्ता (21 वर्ष), निवासी एचसीएल कॉलोनी, तेलहा नाला के पास, खुर्सीपार, भिलाई।
- मामले में शामिल दो अपचारी बालक भी पुलिस अभिरक्षा में लिए गए हैं।
जप्त सामग्री
- 02 मोटरसाइकिल
- 01 लकड़ी का हॉकी स्टिक
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
दुर्ग पुलिस ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मारपीट, धमकी, अवैध वसूली, गाली-गलौज या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

