नमस्ते दिवस पर भिलाई निगम का सराहनीय पहल: स्वच्छता दीदियों का सम्मान, सुरक्षा किट वितरण और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
भिलाईनगर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर पालिक निगम भिलाई ने नमस्ते दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। जोन-1 नेहरू नगर स्थित एसएलआरएम सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया गया, उन्हें सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए तथा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन कर चिकित्सकीय जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता कार्य में जुटी महिला कर्मियों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में उपस्थित चिकित्सकों ने स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सलाह दी और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त सह जोन आयुक्त दिनेश कोसरिया ने कहा कि स्वच्छता दीदियां नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उनके अथक प्रयासों से शहर स्वच्छ और व्यवस्थित बना हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी स्वच्छता कर्मियों से कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की।
स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने स्वच्छता कर्मियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना ने सुरक्षा उपकरणों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से कई गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो सकती है।
कार्यक्रम में पी.आई.यू. के अभिनव ठोकने, शुभम पाटनी, ए.पी.एम. सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने स्वच्छता दीदियों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनके लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की निगम की प्रतिबद्धता दोहराई।नगर निगम भिलाई द्वारा आयोजित यह पहल स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, स्वास्थ्य संरक्षण और कार्यस्थल सुरक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

