भिलाई में अतिक्रमण पर निगम का बड़ा एक्शन: सुपेला परदेशी चौक पर चला बुलडोजर, सड़क से हटाए गए अवैध कब्जे

भिलाईनगर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई ने सोमवार को सुपेला स्थित परदेशी चौक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया। निगम की संयुक्त टीम ने दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ तक फैलाए गए सामान, अस्थायी ढांचों एवं अन्य अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार, निगम प्रशासन को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि क्षेत्र के कुछ व्यापारियों द्वारा दुकानों के सामने सड़क तक सामान रखकर सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा किया जा रहा है। इसके कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी और राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बढ़ती शिकायतों और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान जोन-1 उपायुक्त सह जोन आयुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, बेदखली प्रभारी विनय शर्मा सहित राजस्व विभाग, बेदखली अमला और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया तथा मार्ग को आम जनता के लिए सुगम बनाया।
अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। पुलिस और निगम प्रशासन के समन्वय के चलते पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर को व्यवस्थित रखने के लिए भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा।
निगम प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण करने से बचें तथा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।


