भिलाई-3 के सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर लिव-इन पार्टनर की हत्या का आरोप, गुरुग्राम में युवती की मौत के बाद ट्रेन से कटकर दी जान

 भिलाई-3 के सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर लिव-इन पार्टनर की हत्या का आरोप, गुरुग्राम में युवती की मौत के बाद ट्रेन से कटकर दी जान

भिलाई-3/गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या करने का आरोप है। पुलिस जांच के अनुसार, युवती का शव उसके फ्लैट से बरामद हुआ, जबकि कुछ घंटे पहले ही युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या के बाद आत्महत्या का मामला मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

भिलाई का रहने वाला था युवक

मृत युवक की पहचान 25 वर्षीय श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित विश्व बैंक कॉलोनी का निवासी था। वह गुरुग्राम की एक निजी आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, वह सेक्टर-55 स्थित एक अपार्टमेंट में अकेला रह रहा था।वहीं मृत युवती इशारा अयूबी (25) उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की निवासी थीं और उसी कंपनी में कार्यरत थीं, जहां श्रेष्ठ नौकरी करता था।

कुछ महीने से थे रिश्ते में

पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच पिछले कई महीनों से करीबी संबंध थे। बताया जा रहा है कि इशारा हाल ही में अपना पीजी छोड़कर श्रेष्ठ के फ्लैट में रहने आई थीं। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और करीब तीन दिन पहले ही साथ शिफ्ट हुए थे।

मोबाइल बंद होने पर बढ़ी चिंता

युवती के परिजनों ने पुलिस को बताया कि शनिवार से इशारा का मोबाइल फोन बंद आ रहा था। लगातार संपर्क न होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस सेक्टर-55 स्थित फ्लैट तक पहुंची। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर पुलिस को बेड पर युवती का शव मिला। शव के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए। घटनास्थल से खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है।

रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव

इसी बीच शनिवार शाम गुरुग्राम के गढ़ी हरसरु रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली थी। जीआरपी की जांच में मृतक की पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी स्थानीय पुलिस ने उन्हें थाने बुलाकर युवती की हत्या से जुड़ी जानकारी दी। युवक के पिता दीपक मलिक ने पुलिस को बताया कि उन्हें बेटे के निजी संबंधों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

विवाद की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का मानना है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ हो सकता है। हालांकि हत्या और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

जांच एजेंसियां अब दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं। इसके अलावा कंपनी के सहकर्मियों, मित्रों तथा अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को जांच रिपोर्ट का इंतजार

सेक्टर-56 थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।