एकतरफा प्यार बना हत्या की वजह: बातचीत से इंकार करने पर युवती की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

 एकतरफा प्यार बना हत्या की वजह: बातचीत से इंकार करने पर युवती की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/दुर्ग। एकतरफा प्रेम प्रसंग में युवती की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती द्वारा बातचीत करने से इंकार किए जाने से नाराज आरोपी ने पहले से योजना बनाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतिका की रूममेट ने उसके परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी हुई है। परिजन और परिचित उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना वैशाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना वैशाली नगर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस आरोपी तक

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी इनपुट के आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिन्टू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद 11 जुलाई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

एकतरफा प्रेम में रची गई थी हत्या की साजिश

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लाकेश्वर साहू मृतिका से एकतरफा प्रेम करता था। वह लगातार युवती से संपर्क बनाए रखना चाहता था, लेकिन युवती उससे बातचीत नहीं करना चाहती थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।आरोपी रायपुर से भिलाई पहुंचा और अपने साथ धारदार हथियार लेकर आया था। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट पहन रखी थीं तथा पैंट के अंदर बरमूडा भी पहना था ताकि घटना के बाद कपड़े बदलकर आसानी से बच निकले।

पहले गला दबाया, फिर धारदार हथियार से किए कई वार

पुलिस के अनुसार, किराये के कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई प्राणघातक वार किए। गंभीर चोटों के कारण युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की। उसने घटना के समय पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते आरोपी ज्यादा देर तक कानून से बच नहीं सका।

आरोपी की पहचान

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी की पहचान लाकेश्वर साहू उर्फ पिन्टू (24 वर्ष) निवासी सकरी वार्ड क्रमांक 12, बजरंग चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई है।

बरामद की गई सामग्री

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर निम्न सामग्री बरामद की है—

  • हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार
  • घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल

आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के साथ 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे मामले में थाना वैशाली नगर पुलिस एवं एसीसीयू टीम की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी विवेचना की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके चलते आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।