ओयो होटल के कमरे में युवक ने दी जान, प्रेमिका के सामने फांसी लगाकर की आत्महत्या

 ओयो होटल के कमरे में युवक ने दी जान, प्रेमिका के सामने फांसी लगाकर की आत्महत्या

दुर्ग। भिलाई के स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में स्थित कोहका के एक ओयो होटल में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जहां युवक ने कथित रूप से अपनी प्रेमिका के सामने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

शाम को होटल पहुंचे थे दोनों

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कैंप क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय शादाब शेख मंगलवार शाम अपनी परिचित युवती के साथ कोहका स्थित होटल कुणाल के एक कमरे में ठहरा था। बताया जा रहा है कि रात के समय दोनों ने शराब का सेवन किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।

सुबह युवती की खुली आंख तो सामने था दर्दनाक मंजर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के बाद युवती नशे की हालत में सो गई। इसी बीच युवक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब युवती की नींद खुली तो उसने युवक को फंदे पर लटका देखा। घबराई युवती ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया और अपने परिचितों को इसकी सूचना दी।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

युवक को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्मृतिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले में युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। साथ ही होटल स्टाफ, दोनों के परिचितों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारणों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।