कुम्हारी में खड़ी हाईवा ट्रक से 9 हजार रुपये की बैटरी चोरी, पुलिस जांच में जुटी

 कुम्हारी में खड़ी हाईवा ट्रक से 9 हजार रुपये की बैटरी चोरी, पुलिस जांच में जुटी

कुम्हारी। नगर के हिम्मत कॉलोनी निवासी एवं ट्रांसपोर्ट व्यवसायी आशीष कुमार सिंह की हाईवा ट्रक से बैटरी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की रिपोर्ट पर कुम्हारी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मत कॉलोनी, कुम्हारी निवासी आशीष कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि वे ट्रांसपोर्ट का कार्य करते हैं। 5 जुलाई 2026 की रात उन्होंने अपनी हाईवा ट्रक क्रमांक CG 04 PL 7698 को सामुदायिक भवन के सामने कुम्हारी में खड़ा किया था। रात करीब 11 बजे वे भोजन करने अपने घर चले गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार जब वे रात लगभग 12 बजे वापस लौटे तो देखा कि ट्रक में लगी एक्साइड कंपनी की पुरानी इस्तेमालशुदा बैटरी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 हजार रुपये है, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बैटरी और आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

घटना की जानकारी उन्होंने अपने पिता सुशील कुमार सिंह को दी और बाद में कुम्हारी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।कुम्हारी पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।