मुख्यमंत्री से मिली सर्वधर्म सेवा संस्था की टीम, अंगदान करने वालों को राजकीय सम्मान देने की मांग
छत्तीसगढ़ को अंगदान और देहदान के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सौंपा 16 सूत्रीय सुझाव-पत्र
भिलाई। छत्तीसगढ़ को अंगदान एवं देहदान के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में सर्वधर्म सेवा संस्था, भिलाई ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। संस्था के संरक्षक श्री इंद्रजीत सिंह ‘छोटू भईया’ के सहयोग एवं मार्गदर्शन में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 16 बिंदुओं का विस्तृत सुझाव-पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पूरे प्रदेश में अंगदान और देहदान को जन-जागरूकता अभियान के रूप में संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें। संस्था ने यह भी मांग रखी कि अंगदान करने वाले दाताओं को मरणोपरांत राजकीय सम्मान प्रदान किया जाए, जिससे समाज में अंगदान के प्रति सम्मान, विश्वास और प्रेरणा का वातावरण निर्मित हो सके।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रदेश में अंग प्रत्यारोपण की आवश्यकता वाले हजारों मरीज समय पर अंग नहीं मिलने के कारण कठिनाइयों का सामना करते हैं। यदि व्यापक जनजागरूकता और प्रभावी नीतिगत पहल की जाए, तो अनेक लोगों को नया जीवन मिल सकता है।
समाज के लिए जीवनदान का सबसे बड़ा माध्यम है अंगदान : इंद्रजीत सिंह ‘छोटू भईया’
सर्वधर्म सेवा संस्था के संरक्षक श्री इंद्रजीत सिंह ‘छोटू भईया’ ने कहा कि अंगदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा मानवतावादी कार्य है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि समाज में अंगदान और देहदान को लेकर मौजूद भ्रांतियों को दूर किया जाए तथा इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
उन्होंने कहा, “यदि शासन, चिकित्सा संस्थान, सामाजिक संगठन और जागरूक नागरिक एक साथ मिलकर कार्य करें तो छत्तीसगढ़ अंगदान के क्षेत्र में पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकता है। अंगदान करने वाले परिवारों का सम्मान होना चाहिए, क्योंकि उनके निर्णय से कई लोगों को नया जीवन मिलता है। ऐसे दाताओं को मरणोपरांत राजकीय सम्मान दिया जाना समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश होगा।”
मुख्यमंत्री ने सकारात्मक पहल का दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने संस्था के सुझावों को गंभीरता से सुना और विषय पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अंगदान एवं देहदान जैसे मानव कल्याण से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
सर्वधर्म सेवा संस्था ने मुख्यमंत्री द्वारा विषय को गंभीरता से सुनने तथा सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। संस्था ने विश्वास जताया कि सरकार, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ आने वाले समय में अंगदान और देहदान के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

