भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर टला बड़ा रेल हादसा, सतर्क पत्रकारों को डीआरएम ने किया सम्मानित
रायपुर। भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर संभावित रेल दुर्घटना को समय रहते टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दो पत्रकारों को रायपुर रेल मंडल ने सम्मानित किया है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री दयानंद ने नईदुनिया भिलाई-दुर्ग के ब्यूरो प्रभारी टी. सूर्याराव एवं सीनियर रिपोर्टर चंद्रकांत श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
रेल प्रशासन ने उनकी सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही रेल परिचालन की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
समय रहते दी सूचना, टला संभावित हादसा
जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 की रात भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 के समीप दुर्ग दिशा की ओर जाने वाली रेल लाइन पर पोल क्रमांक 857/6 के पास गंभीर तकनीकी खामी देखी गई थी। रेल पटरी के ज्वाइंट प्लेट (जाइंट प्लेट) में लगे महत्वपूर्ण नट-बोल्ट निकल चुके थे, जिसके कारण उस हिस्से से गुजरने वाली ट्रेनों के पहियों से पटरी में असामान्य कंपन और तेज झटके महसूस हो रहे थे।
स्थिति इसलिए अत्यंत गंभीर थी क्योंकि संबंधित स्थान पर ट्रैक ज्वाइंट मौजूद था। लगातार कंपन और दबाव के कारण ट्रैक को नुकसान पहुंचने तथा दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दिखाई तत्परता
खामी का पता चलते ही टी. सूर्याराव और चंद्रकांत श्रीवास्तव ने तत्काल रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तत्काल मरम्मत कार्य कराया गया। अधिकारियों की तत्परता और पत्रकारों की सजगता से संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया।
रेलवे प्रशासन ने जताया आभार
रेलवे अधिकारियों ने दोनों पत्रकारों की सजगता को रेल सुरक्षा के प्रति उत्कृष्ट नागरिक दायित्व का उदाहरण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों और आम नागरिकों की सतर्कता भी रेलवे सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

