मुरारीलाल साव बने परिक्षेत्र साहू संघ कुम्हारी के अध्यक्ष, भुजबल साहू के इस्तीफे के बाद मिली जिम्मेदारी

 मुरारीलाल साव बने परिक्षेत्र साहू संघ कुम्हारी के अध्यक्ष, भुजबल साहू के इस्तीफे के बाद मिली जिम्मेदारी

मां कर्मा की आरती के साथ हुआ पदभार ग्रहण, समाज में एकता और सुधार के लिए कार्य करने का लिया संकल्प

कुम्हारी। परिक्षेत्र साहू संघ कुम्हारी के अध्यक्ष पद पर मुरारीलाल साव की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति पूर्व अध्यक्ष भुजबल साहू के इस्तीफे के बाद की गई। तहसील साहू संघ के अध्यक्ष ढालसिंह साहू के निर्देशानुसार आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से मुरारीलाल साव को नया अध्यक्ष चुना गया।

गौरतलब है कि मुरारीलाल साव इससे पूर्व परिक्षेत्र साहू संघ में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उनकी सक्रियता एवं समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। परिक्षेत्र साहू संघ के अंतर्गत परसदा, कुगदा, कुम्हारी और रामपुर इकाई शामिल हैं।

नवनियुक्त अध्यक्ष के स्वागत एवं पदभार ग्रहण समारोह के दौरान मां कर्मा की आरती की गई। इसके पश्चात समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने मुरारीलाल साव को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया तथा समाज के नेतृत्व का दायित्व सौंपा। कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

अध्यक्षता करते हुए मुरारीलाल साव ने कहा कि समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक में प्रस्तावित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला साहू संघ दुर्ग के किसान प्रकोष्ठ संयोजक रामनारायण साहू, तहसील अहिवारा के प्रतिनिधि अशोक साहू, संयोजक भुवन साहू, संगठन सचिव निखिल साहू, संतराम साहू, श्रीमती लीला साहू, युवा प्रकोष्ठ संयोजक जितेश्वरी साहू, देवानंद साहू, गोढ़ी परिक्षेत्र अध्यक्ष भुनेश्वर साहू, डेहर सिंह गुरुजी, महिला उपाध्यक्ष श्रीमती पिंकी साहू, संगठन सचिव बी.एल. साहू, श्रीमती राजिम साहू, सचिव सुनील साहू, ऑडिटर संतोष साहू, कोषाध्यक्ष देवानंद साहू, देवनारायण साहू, रामू साहू, मणिलाल साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।