योग से स्वस्थ तन, शांत मन और सशक्त समाज का निर्माण संभव : इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’

 योग से स्वस्थ तन, शांत मन और सशक्त समाज का निर्माण संभव : इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’

भिलाई। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोहका स्थित बीरा जी के अंगना में सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई एवं पतंजलि योग साधक समिति, कान्हा पार्क कोहका के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर समाजसेवी इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने योग साधकों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा उपस्थित लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने कहा कि “योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और आत्मविश्वासी बनाता है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले, तो स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का सपना साकार हो सकता है।”

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वभर में योग के प्रति बढ़ती जागरूकता भारत की सांस्कृतिक विरासत की वैश्विक स्वीकृति का प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रदर्शन कर उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। आयोजन में सभी आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

अंत में इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने सभी योग साधकों, प्रशिक्षकों एवं आयोजकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।