अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भिलाई-3 में पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का आयोजन
17 से 21 जून तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मिलेगा योग प्रशिक्षण, योग चिकित्सक डॉ. आकांक्षा मिश्रा देंगी मार्गदर्शन
भिलाई-3। शासन की जनहितकारी योजनाओं एवं आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला दुर्ग के अंतर्गत संचालित आयुष योगा वेलनेस सेंटर एवं स्पेशलिटी क्लिनिक, शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 द्वारा पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष योग शिविर 17 जून 2026 से 21 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को प्रेरित करना है। शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के नागरिकों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं तनाव प्रबंधन संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आयोजन में जिले के नागरिकों से परिवार सहित सहभागिता करने की अपील की गई है ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना सकें।
आयुष विभाग द्वारा संचालित योगा वेलनेस सेंटर, शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में प्रतिदिन नियमित रूप से भी सुबह 6:00 बजे से 7:30 बजे तक योग प्रशिक्षण संचालित किया जाता है, जिसमें क्षेत्र के अनेक नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को ध्यान में रखते हुए इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है ताकि योग के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल की जा सके।
योग चिकित्सक डॉ. आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा एवं मानसिक असंतुलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। योग इन समस्याओं के समाधान का एक सरल, प्रभावी एवं प्राकृतिक माध्यम है। उन्होंने कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली जीवन पद्धति है। यदि व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग को देता है तो वह अनेक रोगों से बच सकता है तथा अपने जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का अनुभव कर सकता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष शिविर में सभी नागरिकों को परिवार सहित शामिल होकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता विकसित होती है तथा जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास होता है। शिविर में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से योग का अभ्यास कराया जाएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनहितकारी पहल को सफल बनाने की अपील की है।

