विश्व क्षय दिवस पर भिलाई-3 और चरोदा में जागरूकता रैली, “टीबी हारेगा-देश जीतेगा” का लिया संकल्प

भिलाई/चरोदा: विश्व क्षय दिवस (टीबी दिवस) के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 एवं शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम चरोदा के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मितानिनों और स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई तथा “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” कार्यक्रम का आयोजन कर प्रत्येक वार्ड को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के तहत मितानिनों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को टीबी मुक्त भारत अभियान के द्वितीय चरण ‘निक्षय निरामय’ कार्यक्रम का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे वे जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य कर सकें।

टीबी के लक्षण और खतरे पर दी गई जानकारी

बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, जो विशेष रूप से कम प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रहने वालों तथा बीड़ी-सिगरेट का सेवन करने वालों में अधिक पाया जाता है।

टीबी के प्रमुख लक्षण:
लगातार खांसी आना, हल्का बुखार बने रहना, बलगम में खून आना, वजन कम होना और भूख न लगना।

घर-घर सर्वे और प्रारंभिक जांच पर जोर

मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर अग्रवाल ने मितानिन समूह को घर-घर सर्वेक्षण कर प्रारंभिक अवस्था में टीबी मरीजों की पहचान और स्क्रीनिंग करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

समय पर इलाज से पूरी तरह ठीक हो सकती है टीबी

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि टीबी के प्रति लापरवाही घातक साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और नियमित दवा सेवन से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

सरकार की सुविधाएं और अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में टीबी की जांच और दवाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध हैं। लक्षण दिखाई देने पर तुरंत बलगम जांच और एक्स-रे अवश्य कराएं।

सरकारी सहायता:
टीबी मरीजों को पोषण के लिए सरकार द्वारा प्रति वर्ष ₹6000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। साथ ही कोई भी नागरिक ‘निक्षय मित्र’ बनकर मरीज को गोद लेकर 6 महीने तक पोषण आहार किट उपलब्ध करा सकता है।

कार्यक्रम में रही सक्रिय भागीदारी

इस अवसर पर एलएचवी श्रीमती आर. विश्वास, मितानिन कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती शमीम बानो, प्रेरक श्रीमती प्रतिमा वर्मा, टी बी एच बीराहुल यादव, शकुन साहू, कांति विभोर, सुनीता बिनिया, सतरूपा निर्मलकर, नारायण साहू, निवेश प्रधान, हर्षा मानिकपुरी, सोनसीर देश लहरें, वर्षा वर्मा, विधा कहरे, हेमलता निर्मलकर, हिमांशु सूर्यवंशी, दुर्गा कंवर, नेतराम पारूल, देशमुख, मीरा साहू, पी. स्वामी सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला एवं मितानिन उपस्थित रहे।