कुम्हारी की बेटी आयुषी पांडे को मिला प्रदेश स्तर पर सम्मान, भाजपा छत्तीसगढ़ कन्या शक्ति सह संयोजक बनने पर नगर में जश्न

कुम्हारी/ कुम्हारी नगर के लिए यह गर्व और उल्लास का क्षण है कि नगर की होनहार बेटी आयुषी पांडे को भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन में प्रदेश कन्या शक्ति सह संयोजक जैसे महत्वपूर्ण दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय द्वारा 17 दिसंबर 2025 को जारी आधिकारिक सूची में उनका नाम शामिल होते ही नगरभर में खुशी की लहर दौड़ गई।

यह नियुक्ति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मा. श्री किरण सिंह देव की सहमति से की गई है। पार्टी नेतृत्व के इस निर्णय को संगठन में महिलाओं एवं युवतियों की बढ़ती भागीदारी और सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

संगठनात्मक सक्रियता का मिला फल

आयुषी पांडे लंबे समय से भाजपा की विचारधारा से जुड़कर संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। युवतियों के बीच उनकी सकारात्मक छवि, कार्यशैली और समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह प्रदेश स्तरीय जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि आयुषी पांडे की नियुक्ति से कन्या शक्ति अभियान को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

नगर में बधाइयों का दौर

नियुक्ति की खबर मिलते ही कुम्हारी नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया। जगह-जगह मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई और लोगों ने इसे कुम्हारी के लिए गौरव का विषय बताया। सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं और बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई।

आयुषी पांडे ने जताया नेतृत्व का आभार

अपने मनोनयन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आयुषी पांडे ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा,
“भारतीय जनता पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इस दायित्व का निर्वहन करूंगी और कन्या शक्ति अभियान के माध्यम से प्रदेश की बेटियों को सशक्त बनाने, उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य करती रहूंगी।”

महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई गति

भाजपा का कन्या शक्ति अभियान प्रदेशभर में बालिकाओं एवं युवतियों को शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक नेतृत्व से जोड़ने का कार्य कर रहा है। आयुषी पांडे की नियुक्ति से इस अभियान को और मजबूती मिलने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नगरवासियों ने आयुषी पांडे को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि कुम्हारी की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और नगर का नाम प्रदेश स्तर पर और गौरवान्वित करेगी।