उधार रकम के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
भिलाई | सतनाम नगर कैंप–02 थाना छावनी क्षेत्र का मामला
उधार में दिए गए पैसों की मांग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी ने युवक पर प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना का विवरण
प्रार्थी जय कुमार यादव, निवासी सूर्या नगर फल मंडी कैंप–02 भिलाई द्वारा थाना छावनी में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 13 दिसंबर 2025 को शाम लगभग 6:00 बजे वह सतनाम नगर कुएं के पास बैठा हुआ था। उसी दौरान आहत नीलकमल जांगड़े उर्फ नीलू और आरोपी शिवा कोसरे पास में बैठकर शराब पी रहे थे।
बताया गया कि आरोपी शिवा कोसरे ने आहत नीलकमल से पूर्व में दिए गए 15,000 रुपये उधार की राशि वापस मांगी। इस पर नीलकमल ने कहा कि फिलहाल उसके पास 3,500 रुपये हैं, जिनमें से 2,000 रुपये वह तत्काल दे देगा तथा शेष रकम धीरे-धीरे चुका देगा। इसी बात को लेकर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
प्रार्थी द्वारा बीच-बचाव करने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और रात्रि लगभग 8:30 बजे आरोपी शिवा कोसरे ने सड़क गड्ढे से निकले कंक्रीट पत्थर के बड़े टुकड़े को उठाकर नीलकमल के सिर पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले से नीलकमल मौके पर गिर पड़ा, उसके सिर से अत्यधिक खून बहने लगा।
अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
घायल नीलकमल जांगड़े को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 634/2025, धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवा कोसरे को घटना के चंद घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रकरण का संक्षिप्त विवरण
- अपराध क्रमांक: 634/2025
- धारा: 109 बीएनएस
- आरोपी का नाम: शिवा कोसरे
- पिता का नाम: सतुराम कोसरे
- उम्र: 28 वर्ष
- पता: जैतखाम के सामने, सतनाम नगर कैंप–02, भिलाई
- थाना: छावनी, जिला दुर्ग
- गिरफ्तारी दिनांक: 14.12.2025



