रायपुर में गहराई का जाल बना मौत का कुआं — दो मासूमों की डूबने से दर्दनाक मौत

रायपुर/ राजधानी रायपुर के हीरापुर–जरवाय मार्ग पर रविवार देर रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। खेल-खेल में दो मासूम बच्चे कंस्ट्रक्शन साइट पर बने गहरे गड्ढे में जा गिरे, जहां पानी भरा हुआ था। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

खेलते-खेलते पहुंच गए मौत के गड्ढे तक

मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्चों की पहचान आलोक (8 वर्ष) और सत्यम (10 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों शाम को पास में ही खेल रहे थे और खेलते-खेलते निर्माणाधीन सड़क किनारे बने उस गड्ढे की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि बारिश और पाइपलाइन लीकेज की वजह से गड्ढे में पानी भर गया था।

कपड़े और चप्पल देखकर हुआ हादसे का अंदेशा

जब बच्चे देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। तलाश के दौरान जब गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल मिले, तब हादसे का शक गहराया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रात में ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव पानी से निकाले गए। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल बन गया।

सुरक्षा इंतजामों की भारी लापरवाही

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कंस्ट्रक्शन के लिए खोदे गए गड्ढे को बिना किसी सुरक्षा घेराबंदी या चेतावनी बोर्ड के खुला छोड़ दिया गया था। यही लापरवाही दो मासूमों की जान ले गई।

प्रशासन ने शुरू की जांच

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक ऐसे हादसों की कीमत मासूम जिंदगियां चुकाती रहेंगी।