ब्याज के पैसे की लेन-देन बनी हत्या की वजह, 10 आरोपी गिरफ्तार, तीन घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, हत्या में प्रयुक्त डंडे समेत अन्य सामग्री जब्त
दुर्ग/ ब्याज के पैसे की लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दुर्ग में सोना-चांदी का व्यवसाय करने वाले संतोष आचारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के महज तीन घंटे के भीतर ही पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी।
पैसे के विवाद से उपजा खूनी संघर्ष
शीतला नगर निवासी वी. रानी सोनी (46 वर्ष) ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पति वेदुरवाड़ा संतोष आचारी सोना-चांदी का व्यापार करता था और साथ ही ब्याज पर रुपये देने का काम भी करता था।
उन्होंने बताया कि उनके पति ने आरोपी दादू सोनी को कुछ रकम ब्याज पर दी थी, जिसे वह काफी समय से वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था।
7 नवंबर को दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच संतोष आचारी ने पत्नी को फोन कर बताया कि दादू सोनी से पैसे को लेकर फिर से विवाद हुआ है। बताया कि दादू का बेटा अपने कुछ साथियों को लेकर झगड़ा करने पहुंचा है। अगले ही दिन सुबह करीब 7 बजे अस्पताल से फोन आया कि संतोष आचारी की मौत हो गई है।
हत्या की पुष्टि, 10 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 567/2025 धारा 103(1), 331(8), 111(2)(A) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि संतोष आचारी और दादू सोनी के बीच पुरानी रंजिश और पैसों का विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दादू सोनी ने अपने बेटे तरूण सोनी और उसके दोस्तों को बुलाया।
इसके बाद सभी ने एक राय होकर संतोष आचारी के घर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और डंडे, लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संतोष आचारी को आरोपी मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
आरोपियों से मिली घटना में प्रयुक्त सामग्री
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटे बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार किया।
घटना में प्रयुक्त डंडे और अन्य सामग्री जब्त की गई। आरोपियों को 8 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपीयों की सूची
- चैत्रराम सोनी उर्फ दादू, ब्राम्हण पारा, दुर्ग
- मनीष सोनी, सदर बाजार, दुर्ग
- तरूण सोनी, सदर बाजार, दुर्ग
- शिवा सोनी, गौरी पारा, दुर्ग
- अनिल कुमार यादव, वार्ड क्रमांक 5, दुर्ग
- हीरा सोनी, सदर बाजार, दुर्ग
- अमन उर्फ टिकेन्द्र तिवारी, वार्ड क्रमांक 6, दुर्ग
- राहुल ढीमर, ढीमर पारा, दुर्ग
- घनश्याम ढीमर, दुर्ग
- योगेश ठाकुर, आपापुरा, दुर्ग
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बढ़ा भरोसा
पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने जहां शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा जगाया है, वहीं यह भी संदेश दिया है कि अपराध कर कोई भी कानून से बच नहीं सकता।



