अम्लेश्वर में नई परंपरा की शुरुआत — बालिकाओं ने किया विकास कार्यों का भूमिपूजन

अम्लेश्वर/ नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर क्षेत्र अंतर्गत बिलासा देवी वार्ड क्रमांक 16 ग्राम मगरघटा में विकास कार्यों का भूमि पूजन पार्षद सोहन निषाद द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने एक नई और प्रेरणादायी परंपरा की शुरुआत की — भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ पांच बालिकाओं के हाथों कराया गया।

विकास कार्यों में सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण शामिल हैं, जो क्षेत्र की जनता को बेहतर आवागमन सुविधा प्रदान करेंगे। पार्षद सोहन निषाद के इस कदम को लोगों ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को आगे बढ़ाने की एक मिसाल बताया।

 बेटियों के हाथों भूमि पूजन — समाज में जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने इस पहल की एक नई सामाजिक सोच के रूप में सराहना की। पार्षद सोहन निषाद ने कहा कि—

“क्षेत्र के विकास और जनता की भलाई के लिए मैं हमेशा तत्पर हूं। समस्याओं को सुनकर उनका समाधान ही मेरा प्राथमिक लक्ष्य है। बेटियों को आगे बढ़ाने और उन्हें सम्मान देने से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।”

कार्यक्रम में रही गणमान्य उपस्थिति

भूमि पूजन कार्यक्रम में अमलेश्वर मंडल महामंत्री कैलाश यादव, भाजपा नेता शिवा साहू, कुंज बिहारी, प्रकाश कश्यप सहित अनेक नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने पार्षद सोहन निषाद के इस अभिनव और प्रेरक कदम की प्रशंसा की और उनके साथ मिलकर क्षेत्र के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।

 समाज में बेटियों के सम्मान का प्रतीक

अम्लेश्वर में पार्षद सोहन निषाद द्वारा बालिकाओं से भूमि पूजन करवाने की यह पहल महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक बनी है। इस कदम ने न केवल विकास कार्यों की नींव रखी, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और समानता का संदेश भी दिया है।