शक ने ली जान: नर्स प्रियंका की बेरहमी से हत्या, प्रेमी गिरफ्तार
रायपुर/ राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के लालपुर इलाके में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। MMI अस्पताल में कार्यरत नर्स प्रियंका दास (23) की उसके प्रेमी दुर्गेश वर्मा ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
शक बना विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी दुर्गेश को शक था कि प्रियंका किसी अन्य युवक से बात करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बुधवार देर रात झगड़ा हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते हत्या तक पहुंच गया।
कमरे में मिली लाश, रूममेट ने दी सूचना
प्रियंका की लाश गुरुवार सुबह उसके कमरे में मिली। वह लालपुर स्थित दयाराम साहू के मकान में किराए से रहती थी, जहां उसकी रूममेट भी नर्स है।
घटना के वक्त रूममेट ड्यूटी पर थी। सुबह जब वह अस्पताल से लौटी तो प्रियंका को खून से लथपथ हालत में पाया और तुरंत अस्पताल प्रबंधन व पुलिस को सूचना दी।
पहले निजी अस्पताल में हुई थी पहचान
जांच में सामने आया है कि प्रियंका और दुर्गेश की पहचान कोटा के एक निजी अस्पताल में काम के दौरान हुई थी। दुर्गेश वहां कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था, जबकि प्रियंका नर्स थी।
कुछ महीने पहले प्रियंका ने नौकरी बदलकर MMI अस्पताल जॉइन किया, जबकि दुर्गेश वहीं काम करता रहा।
हत्या से पहले बनाई थी साजिश, बाजार से खरीदा चाकू
टिकरापारा पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि दुर्गेश ने हत्या की योजना पहले से बना ली थी। उसने बाजार से एक चाकू खरीदा और उसे बैग में छिपाकर प्रियंका के घर पहुंचा।
करीब दो घंटे बातचीत के बाद जब विवाद बढ़ा, तो गुस्से में उसने चाकू निकालकर प्रियंका की छाती के नीचे वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश
वारदात के बाद दुर्गेश ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। वह घर में रखे एक दूसरे चाकू को प्रियंका के हाथ में थमाकर वहां से भाग गया।
हालांकि पुलिस ने मौके से मिले सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया।
किसी को भनक तक नहीं लगी
प्रियंका जिस मकान में रहती थी, वह दो मंजिला और 12 कमरों वाला है। आसपास के किसी भी किराएदार को रात में न तो कोई चीख सुनाई दी और न ही किसी ने आरोपी को जाते देखा।
पुलिस ने आरोपी दुर्गेश वर्मा, निवासी अशोक नगर, गुढ़ियारी रायपुर को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
मूल रूप से चिरमिरी की थी निवासी
एसएसपी डीआर पोर्ते के मुताबिक, मृतका प्रियंका दास मूल रूप से चिरमिरी (कोरिया) की रहने वाली थी। वह कुछ महीने पहले ही रायपुर आकर MMI अस्पताल में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थी।
पुलिस कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।



