प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेचने वाले पाँच आरोपी गिरफ्तार, उत्तरप्रदेश से जुड़े नशे के कारोबार के तार, करीब 10 हजार कैप्सूल जब्त

दुर्ग/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 10 हजार प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल (ट्रामाडोल) बरामद किए हैं।

मर्चुरी के पास कर रहे थे बिक्री की कोशिश

दुर्ग कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला अस्पताल दुर्ग मर्चुरी के पास तीन व्यक्ति नशीली कैप्सूल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रेम सिंह, रवि कुमार शर्मा, और उमेश कुमार कश्यप बताया।

पुलिस ने इन तीनों के पास से 160 पत्ता ट्रामाडोल कैप्सूल (कुल 3,840 नग) और दो मोबाइल फोन बरामद किए।

साथियों के निशानदेही पर दो और आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आसिफ मोहम्मद और शाहिद कुरैशी को जामुल सब्जी बाजार के पास से पकड़ा। इनके कब्जे से 250 पत्ता (6,000 नग) ट्रामाडोल कैप्सूल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

इस तरह कुल पाँच आरोपियों से 9,840 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और चार मोबाइल फोन जप्त किए गए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

आरोपियों का कृत्य धारा 21(सी), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दंडनीय अपराध पाया गया। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्यवाही में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

उक्त कार्रवाई में उनि प्रताप सिंह ठाकुर, उनि उदय शंकर झा, सउनि चंद्रशेखर सोनी, आरक्षक गजेन्द्र यादव, हिमांशु जंघेल, और खिलेश कुर्रे की सराहनीय भूमिका रही।

आरोपियों के नाम व पते

1️⃣ आसिफ मोहम्मद (33 वर्ष) – निवासी जोन 01, खुर्सीपार
2️⃣ प्रेम सिंह (36 वर्ष) – निवासी कैम्प 01, थाना छावनी
3️⃣ शाहिद कुरैशी (36 वर्ष) – निवासी दुर्गापारा, न्यू खुर्सीपार
4️⃣ रवि कुमार शर्मा (30 वर्ष) – निवासी न्यू खुर्सीपार
5️⃣ उमेश कुमार कश्यप (38 वर्ष) – निवासी कैम्प 02, भिलाई

दुर्ग पुलिस की यह कार्रवाई जिले में नशे के बढ़ते व्यापार पर बड़ी रोक के रूप में देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के उत्तरप्रदेश से भी कनेक्शन हैं और आगे की जांच में कई और खुलासे होने की संभावना है।