छत्तीसगढ़ को मिलेगी बड़ी सौगात: जांजगीर, कबीरधाम और मनेंद्रगढ़ में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज

रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (CM Vishnudeo Sai) की पहल पर छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार ने अब तीन नए शासकीय मेडिकल कॉलेज खोलने का बड़ा निर्णय लिया है। इन संस्थानों के निर्माण के लिए कुल 1077 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

वित्त मंत्री के निर्देश पर मिली स्वीकृति

वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर चिकित्सा शिक्षा विभाग को यह बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की चिकित्सा सुविधाओं में गुणात्मक सुधार होगा।

तीन जिलों में बनेंगे मेडिकल कॉलेज

सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक—

  • जांजगीर-चांपा मेडिकल कॉलेज : 357.25 करोड़ रुपए
  • कबीरधाम मेडिकल कॉलेज : 357.25 करोड़ रुपए
  • मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज : 362.57 करोड़ रुपए

इन तीनों जिलों में जल्द ही मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य शुरू होगा।

स्वास्थ्य सेवाओं में होगा विस्तार

सरकार का मानना है कि इन नए मेडिकल कॉलेजों से न केवल चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी आसानी से उपलब्ध होंगी। साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।