कथा स्थल में बुजुर्ग महिला के गले से सोने का लॉकेट चोरी, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भिलाई/ खुर्सीपार स्थित आईटीआई मैदान में आयोजित उदित मुनी साहेब महाराज के कथा स्थल में रविवार शाम एक बड़ा चोरी का मामला सामने आया। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से सोने का लॉकेट उड़ा लिया। इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भीड़ में बेखौफ चोर

खुर्सीपार निवासी कचरा बाई सेन अपनी बहू श्रीमती मंजू सेन के साथ कथा सुनने मैदान गई थीं। शाम करीब 4:30 बजे कथा समाप्त होने के बाद भीड़ से निकलते समय अज्ञात चोर ने उनके गले से लाल रंग की माला में गुथा सोने का लॉकेट निकाल लिया।

चोरी हुआ लॉकेट छह पीस मोतीदाना के साथ था, जिसका वजन करीब 3 से 3.10 ग्राम और कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है।

वारदात के बाद मची अफरा-तफरी

भीड़भाड़ वाले स्थल पर इस तरह की चोरी से श्रद्धालु सकते में आ गए। आसपास खोजबीन की गई, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार पीड़िता ने घर परिवार से चर्चा कर 22 सितंबर को अपने नाती युवराज कुमार सेन के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस सिर्फ कागज़ी कार्रवाई तक सीमित

घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू करने का दावा किया है। लेकिन इलाके के लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में पुलिस सिर्फ औपचारिकता निभाती है। गश्त और निगरानी के नाम पर जवान तैनात तो किए जाते हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी का फायदा जनता को नहीं मिलता।

लोगों का गुस्सा – “कहाँ है पुलिस?”

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भीड़भाड़ वाले आयोजनों में चोरी की घटनाएं हो जाती हैं तो पुलिस मौके पर न तो अलर्ट रहती है और न ही चोर-उचक्कों पर नियंत्रण कर पाती है।

एक श्रद्धालु ने कहा – “कथा स्थल में हजारों लोग थे, लेकिन पुलिस की मौजूदगी का कोई असर नहीं दिखा। चोर आराम से वारदात कर भाग निकला।”

सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

इस घटना के बाद से यह साफ हो गया है कि पुलिस की तैयारियां सिर्फ कागज़ों तक ही सीमित हैं। बड़े धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा को लेकर जिस तरह की लापरवाही सामने आ रही है, उससे अपराधियों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं।