रक्तदान है महादान : मरवाही विधायक की अपील पर शिविर, 16 लोगों ने दिया जीवनदान
गौरेला–पेंड्रा–मरवाही(प्रयास कैवर्त)/ मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को मानवता की मिसाल पेश हुई। मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची की अपील पर यहाँ भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर में कुल 16 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने का संकल्प लिया।
विधायक ने बढ़ाया हौसला
विधायक प्रणव मरपच्ची स्वयं शिविर में मौजूद रहे। उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में मरवाही की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर और मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा—
“रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि जीवनदान है। एक यूनिट रक्त किसी की पूरी जिंदगी बचा सकता है।”
स्वास्थ्य विभाग की रही सुदृढ़ व्यवस्था
इस अवसर पर जिला सीएमएचओ डॉ. रामेश्वर शर्मा, बीएमओ डॉ. हर्षवर्धन मेहर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रक्त जांच, पंजीयन और दानकर्ताओं की देखभाल की बेहतरीन व्यवस्था की गई। प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
लोगों में दिखा उत्साह
रक्तदान शिविर को लेकर कर्मचारियों और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक मरपच्ची ने जिलेवासियों से अपील की कि—
“हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए ताकि समय पर जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध हो सके।”
मरवाही से उठी ये तस्वीरें साफ कहती हैं कि—
“रक्तदान है सबसे बड़ा महादान” और यही सच्ची मानव सेवा है।



