इंजेक्शन लगाने के बाद युवक की मौत, जिला अस्पताल की लापरवाही पर हंगामा

दुर्ग/ जिला अस्पताल दुर्ग में इलाज के दौरान लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। चूहा मार दवा खाने के बाद भर्ती 23 वर्षीय युवक की मौत इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए।

चूहा मार दवा खाने के बाद भर्ती हुआ युवक

मृतक प्रभाष सूर्या को मंगलवार को परिजन जिला अस्पताल लेकर आए थे। उसकी मां पूजा सूर्या ने बताया कि बेटे ने जहर खा लिया था, लेकिन देर रात तक उसकी हालत स्थिर थी और वह लगातार बात भी कर रहा था।

इंजेक्शन के बाद बिगड़ी तबीयत

बुधवार सुबह डॉक्टरों ने उल्टी कराने के लिए इंजेक्शन लगाया। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगते ही प्रभाष की हालत अचानक बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने वाली महिला स्टाफ मौके से गायब हो गई।

डॉक्टरों पर परिजनों के आरोप

प्रभाष की मां और भाई निखिल ने डॉक्टरों पर गलत इंजेक्शन लगाने और समय पर उचित इलाज न करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि सही इलाज दिया जाता तो बेटे की जान बचाई जा सकती थी।

अस्पताल में हंगामा और तनाव

युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों के हंगामे के कारण OPD सेवाएं भी प्रभावित हुईं। पूर्व विधायक अरुण वोरा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की।

जांच के आदेश, पुलिस बल तैनात

अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।