“स्कूल बना रहस्य का अड्डा!”, एक हफ्ते से बेहोश हो रहीं लड़कियां… शनिवार को एक साथ 7 छात्राएं गिरीं जमीन पर

अभनपुर/ ग्राम कुर्रु के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पिछले एक सप्ताह से हो रही घटनाओं ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। यहां पढ़ने वाली केवल छात्राएं रहस्यमयी तरीके से बेहोश हो रही हैं।

शनिवार का सीन – चीखें, कंपन और अफरा-तफरी

शनिवार को हालात तब बिगड़ गए, जब एक साथ 6-7 छात्राएं चक्कर खाकर गिर पड़ीं। चश्मदीदों के अनुसार, कुछ बच्चियां जोर-जोर से चिल्ला रही थीं, तो कुछ के शरीर में तेज़ कंपन था। कुछ छात्राएं रो रही थीं, तो कुछ बिल्कुल बेसुध पड़ी थीं।

पीड़ित छात्रा की कहानी

एक छात्रा ने बताया—”पहले शरीर में अजीब सा कंपन हुआ… फिर आंखों के सामने अंधेरा छा गया… उसके बाद मुझे कुछ भी याद नहीं।”

अस्पताल में भर्ती, गांव में डर और अफवाहें

सभी बच्चियों को तुरंत अभनपुर के कृष्णा अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की कहानियां फैलने लगीं—कोई इसे “भूत-प्रेत” से जोड़ रहा है तो कोई “रहस्यमयी बीमारी” बता रहा है।

डॉक्टरों की टीम ने दी मेडिकल रिपोर्ट

ऊपरवारा से आई डॉक्टरों की विशेष टीम ने जांच के बाद इसे फोबिया बताया। डॉक्टरों के मुताबिक, एक बच्ची को परेशानी होती देख बाकी छात्राओं में भी डर फैल गया और वही लक्षण दिखने लगे।

राज़ अभी बाकी…

गांव के लोग अब भी सवाल पूछ रहे हैं—क्या यह महज़ मानसिक असर है, या इसके पीछे कोई अदृश्य साज़िश छिपी हुई है?