ओशो- उन्नीस सौ बासठ में चीन में अकाल की हालत थी। ब्रिटेन के कुछ भलेमानुसों ने एक बड़े जहाज पर बहुत सा सामान, बहुत सा भोजन, कपड़े, दवाइयां भर कर वहां भेजे।
हम अगर होते तो चंदन-तिलक लगा कर, फूलमालाएं पहना कर उस जहाज की पूजा करते। लेकिन चीन ने उसको वापस भेज दिया और जहाज पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिख दिया: हम मर जाना पसंद करेंगे, लेकिन भीख स्वीकार नहीं कर सकते।
शक होता है कि यहां कुछ जवान लोग होंगे!
जवान ही यह हिम्मत कर सकता है कि भूखे मरते देश में, आया हो भोजन बाहर से, और लिख दे जहाज पर कि हम भूखों मर सकते हैं, लेकिन भीख नहीं मांग सकते।
भूखा मरना इतना बुरा नहीं है, भीख मांगना बहुत बुरा है।
लेकिन जवानी हो तो बुरा लगे, भीतर जवान खून हो तो चोट लगे, अपमान हो। हमारा अपमान ही नहीं होता! हम तो शांति से अपमान को झेलते चले जाते हैं। हम बड़े तटस्थ हैं अपमान को झेलने में, कुछ भी हो जाए, हम आंख बंद करके झेल लेते हैं। यही तो संतोष का, शांति का लक्षण है कि जो भी हो, उसको झेलते रहो, बैठे रहो चुपचाप और झेलते रहो। हजारों साल से देश झेल-झेल कर मर गया है। तो कैसे हम स्वीकार कर लें कि देश के पास जवान आदमी हैं, युवक हैं? युवक देश के पास नहीं हैं।
और इसलिए पहला काम तथाकथित युवकों के लिए–जो उम्र से युवक दिखाई पड़ते हैं–वह यह है कि वे मानसिक यौवन को पैदा करने की देश में चेष्टा करें। वे शरीर के यौवन को मान कर तृप्त न हो जाएं। आत्मिक यौवन, वह स्प्रिचुअल यंगनेस पैदा करने का एक आंदोलन सारे देश में चलना चाहिए। हम इससे राजी नहीं होंगे कि एक आदमी शक्ल-सूरत से जवान दिखाई पड़ता है तो हम उसे जवान मान लें। हम इसकी फिक्र करेंगे कि हिंदुस्तान के पास जवान आत्मा हो।
स्वामी राम भारत के बाहर यात्रा को पहली दफा गए थे। जिस जहाज पर वे यात्रा कर रहे थे, उस पर एक बूढ़ा जर्मन था, जिसकी उम्र कोई नब्बे वर्ष होगी। उसके सारे बाल सफेद हो चुके थे, उसकी आंखों में नब्बे साल की स्मृतियों ने गहराइयां भर दी थीं, उसके चेहरे पर झुर्रियां थीं लंबे अनुभवों की। लेकिन वह जहाज के डेक पर बैठ कर चीनी भाषा सीख रहा था!
चीनी भाषा सीखनी साधारण मामला नहीं है, क्योंकि चीनी भाषा के पास कोई वर्णमाला नहीं है, कोई अ ब स नहीं होता चीनी भाषा के पास। वह पिक्टोरियल लैंग्वेज है, उसके पास तो चित्र हैं। साधारण आदमी को साधारण ज्ञान के लिए भी कम से कम पांच हजार चित्रों का ज्ञान चाहिए। और विशेष ज्ञान के लिए तो एक लाख चित्रों का ज्ञान हो, तब कोई आदमी चीनी भाषा का पंडित हो सकता है। दस वर्ष, पंद्रह वर्ष का श्रम मांगती है वह भाषा। नब्बे साल का बूढ़ा सुबह से बैठ कर सांझ तक चीनी भाषा सीख रहा है!
रामतीर्थ बेचैन हो गए। यह आदमी पागल है! नब्बे साल की उम्र में चीनी भाषा सीखने बैठे हो, कब सीख पाओगे? आशा नहीं है कि मरने के पहले सीख जाओ। और अगर कोई दूर की कल्पना भी करे कि यह आदमी जी जाएगा दस-पंद्रह साल, सौ साल पार कर जाएगा, जो कि भारतीय कभी कल्पना नहीं कर सकता कि सौ कैसे पार कर जाओगे। पैंतीस साल पार करना तो मुश्किल हो जाता है, सौ कैसे पार करोगे? लेकिन समझ लें भूल-चूक से भगवान की, यह सौ साल के पार निकल जाए, तो भी फायदा क्या है? जिस भाषा को सीखने में पंद्रह वर्ष खर्च हों, उसका उपयोग भी तो दस-पच्चीस वर्ष करने का मौका मिलना चाहिए। सीख कर भी फायदा क्या होगा? दोत्तीन दिन देख कर रामतीर्थ की बेचैनी बढ़ गई। वह बूढ़ा तो आंख उठा कर भी नहीं देखता था कि कहां क्या हो रहा है, वह तो अपना सीखने में लगा था। तीसरे दिन उन्होंने जाकर उसे हिलाया और कहा कि महाशय, क्षमा करिए, मैं यह पूछना चाहता हूं कि आप यह क्या कर रहे हैं? इस उम्र में चीनी भाषा सीखने बैठे हैं? कब सीख पाइएगा? और सीख भी लिया तो इसका उपयोग कब करिएगा? आपकी उम्र क्या है?
तो उस बूढ़े ने कहा, उम्र? मैं काम में इतना व्यस्त रहा कि उम्र का हिसाब रखने का मुझे मौका नहीं मिला। उम्र अपना हिसाब रखती होगी। हमें फुर्सत कहां है कि हम उम्र का हिसाब रखें! और फायदा क्या है उम्र का हिसाब रखने में? मौत जब आनी है, तब आनी है। तुम चाहे कितना ही हिसाब रखो, कि कितने हो गए, कितने हो गए, उससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। मुझे फुर्सत नहीं मिली उम्र का हिसाब रखने की। लेकिन जरूर नब्बे तो पार कर गया हूं।
रामतीर्थ ने कहा, फिर यह सीख कर क्या फायदा? बूढ़े हो गए हो। अब कब सीख पाओगे?
उस बूढ़े आदमी ने क्या कहा? उस बूढ़े आदमी ने कहा, मरने का मुझे खयाल नहीं आता जब तक मैं सीख रहा हूं; जब सीखना खत्म हो जाएगा तब सोचूंगा मरने की बात। अभी तो सीखने में जिंदगी लगी है। अभी तो मैं बच्चा हूं, क्योंकि मैं सीख रहा हूं। बच्चे सीखते हैं। लेकिन उस बूढ़े ने कहा कि मैं चूंकि सीख रहा हूं, इसलिए बच्चा हूं।
यह आध्यात्मिक जगत में परिवर्तन हो गया। उसने कहा कि चूंकि अभी मैं सीख रहा हूं और अभी सीख नहीं पाया, अभी तो जिंदगी की पाठशाला में प्रवेश किया है, अभी तो बच्चा हूं, अभी मरने का कैसे सोचूं? जब सब सीख लूंगा, तो सोचूंगा मरने की बात।
फिर उस बूढ़े ने कहा, मौत तो हर रोज सामने खड़ी है। जिस दिन पैदा हुआ था, उस दिन भी इतनी ही सामने खड़ी थी, जितनी अभी खड़ी है। अगर मौत से डर जाता तो उसी दिन सीखना बंद कर देता। सीखने का क्या फायदा था, मौत आ सकती थी कल। लेकिन नब्बे साल का अनुभव मेरा कहता है कि मैं नब्बे साल मौत को जीता हूं। रोज मौत का डर रहा है कि कल आ जाएगी, लेकिन आई नहीं। नब्बे साल तक मौत नहीं आई तो मुझे विश्वास पड़ता है कि नब्बे साल के अनुभव को मानूं, कल भी कैसे आ पाएगी? नब्बे साल का अनुभव कहता है कि अब तक नहीं आई तो कल भी कैसे आ पाएगी? अनुभव को मानता हूं। नब्बे साल तक डर फिजूल था।
वह बूढ़ा पूछने लगा रामतीर्थ से कि आपकी उम्र क्या है?
रामतीर्थ तो घबरा ही गए थे उसकी बात सुन कर। उनकी उम्र केवल तीस वर्ष थी।
उस बूढ़े ने कहा, तुम्हें देख कर, तुम्हारे भय को देख कर मैं कह सकता हूं कि भारत बूढ़ा क्यों हो गया है। तीस साल का आदमी मौत की सोच रहा है! मर गया। मौत की सोचता ही कोई तब है, जब मर जाता है। तीस साल का आदमी सोचता है कि सीखने से क्या फायदा, मौत करीब आ रही है! यह आदमी जवान नहीं रहा।
उस बूढ़े ने कहा, मैं समझ गया कि भारत बूढ़ा क्यों हो गया है। इन्हीं गलत धारणाओं के कारण।
ओशो आश्रम उम्दा रोड भिलाई-3
संभोग से समाधि की ओर-(प्रवचन-11)





