दुर्ग। जिले की सेवा सहकारी समिति मर्यादित जरवाय में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) चेक जारी करने में गंभीर अनियमितता का मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि समिति में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर ने समिति प्रबंधक की जानकारी और अनुमति के बिना उनकी सील का इस्तेमाल करते हुए 42 किसानों के नाम पर फर्जी चेक जारी कर दिए। इतना ही नहीं, एक अन्य किसान को निर्धारित सीमा से अधिक खाद उपलब्ध कराने के लिए भी कथित तौर पर कूटरचित चेक जारी किया गया।
Table Of Content
मामले की शिकायत मिलने के बाद रानीतराई पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर पुरानिक साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक विश्वासघात के आरोपों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समिति प्रबंधक की जानकारी के बिना किया चेक जारी करने का खेल
प्राप्त शिकायत के मुताबिक, जरवाय सहकारी समिति में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ पुरानिक साहू पर आरोप है कि उसने समिति प्रबंधक की सील का दुरुपयोग करते हुए 42 किसानों के KCC चेकों पर अपने हस्ताक्षर कर उन्हें जारी किया। इस तरह समिति की वित्तीय और प्रशासनिक प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता किए जाने का मामला सामने आया है।
इसके अलावा शत्रुहन लाल नामक किसान को निर्धारित पात्रता से अधिक खाद वितरण के लिए भी कथित रूप से फर्जी चेक जारी किए जाने की बात सामने आई है।
कारण बताओ नोटिस के जवाब में सामने आई अहम जानकारी
मामले की भनक लगने के बाद तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव ने प्राधिकृत अधिकारी अमित श्रीवास्तव को लिखित रूप से इसकी जानकारी दी थी। वहीं, ग्रामीणों ने भी संबंधित सहकारी अधिकारियों के समक्ष ऑपरेटर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर विभागीय स्तर पर जांच की गई और पुरानिक साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बताया गया है कि नोटिस के जवाब में उसने 42 किसानों के KCC चेकों पर स्वयं हस्ताक्षर करने तथा शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद के लिए चेक जारी करने की बात स्वीकार की थी।
मूल समिति केसरा भेजा गया था ऑपरेटर
विभागीय कार्रवाई के दौरान सहकारिता अधिकारियों के निर्देश पर बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। इसके बाद पुरानिक साहू को उसकी मूल पदस्थापना वाली समिति केसरा वापस भेज दिया गया। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पुलिस कार्रवाई भी शुरू हो गई है।
सहकारिता विभाग के निर्देश पर दर्ज हुई FIR
मामले में उपायुक्त सहकारिता सतीश पाटले ने 17 नवंबर को पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 18 नवंबर को ग्राम बोरेंदा निवासी महेंद्र चक्रधारी (31 वर्ष) ने वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक खगेश देशमुख और सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी के साथ रानीतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर पुरानिक साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316, 318, 336(3) और 338 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस खंगाल रही दस्तावेज और चेक का रिकॉर्ड
फिलहाल रानीतराई पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों, जारी किए गए चेकों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि फर्जी चेक जारी करने की प्रक्रिया में किन परिस्थितियों में अनियमितता हुई और इससे किसानों तथा सहकारी समिति पर क्या प्रभाव पड़ा। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस विवेचना के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।





