कुम्हारी/दुर्ग। सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर समझाइश देना एक पुलिस आरक्षक को भारी पड़ गया। कुम्हारी चौक पर स्कूटी सवार दो युवकों ने ड्यूटी से घर लौट रहे आरक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। हमले में आरक्षक के मुंह और नाक से खून निकलने लगा। आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में थाना छावनी पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
Table Of Content
बाइक को मारी टक्कर, विरोध करने पर शुरू किया विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरक्षक दुष्यंत कुमार साहू थाना कुम्हारी में पदस्थ हैं। 13 नवंबर को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वे अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शाम करीब 4:40 बजे जब वे कुम्हारी चौक पहुंचे, तभी स्कूटी क्रमांक CG 04 PC 6596 पर सवार दो युवक अहिवारा रोड की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक आते हुए उनकी मोटरसाइकिल से टकरा गए।
समझाइश से नाराज होकर आरक्षक पर बरसाए लात-घूंसे
टक्कर के बाद आरक्षक ने दोनों युवकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की समझाइश दी। इसी बात पर दोनों युवक भड़क गए और आरक्षक के साथ अश्लील गाली-गलौज करने लगे। आरक्षक ने अपना परिचय देते हुए उन्हें शांति से बात करने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी, लेकिन युवक शांत होने के बजाय और आक्रामक हो गए।
आरोप है कि दोनों युवकों ने आरक्षक को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और लात से हमला कर दिया। मारपीट में आरक्षक के मुंह और नाक पर चोट आई, जिससे खून निकलने लगा। शरीर में भी दर्द होने लगा।
पहले कुम्हारी, फिर सुपेला अस्पताल में कराया उपचार
घटना के बाद आरक्षक ने थाना कुम्हारी में सूचना दी। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कुम्हारी भेजा गया, लेकिन वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण सुपेला स्थित शासकीय अस्पताल में उपचार कराया गया। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने पर आरक्षक ने थाना छावनी पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट दर्ज कराई।
स्कूटी सवार युवकों की पहचान में जुटी पुलिस
आरक्षक की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूटी क्रमांक CG 04 PC 6596 के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस की आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।





