भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपित युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को तीन युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि तीनों युवकों में से एक ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़िता से संबंधित जानकारी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आरोपितों की भूमिका की जांच जारी
पुलिस इस संवेदनशील मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। नाबालिग को अपने साथ ले जाने में तीनों युवकों की भूमिका, घटना की परिस्थितियों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





