यूथ सिख सेवा समिति ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, जरूरतमंद छात्रा की 2 साल की स्कूल फीस के लिए की ₹20,000 की सहायता

 यूथ सिख सेवा समिति ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, जरूरतमंद छात्रा की 2 साल की स्कूल फीस के लिए की ₹20,000 की सहायता

भिलाई | सामाजिक सेवा

भिलाई की सामाजिक संस्था यूथ सिख सेवा समिति द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की एक छात्रा की पढ़ाई जारी रखने में सहयोग प्रदान किया गया।

समिति को शिक्षा सहायता फॉर्म के माध्यम से एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें एक पिता ने अपनी बेटी की पढ़ाई जारी रखने में असमर्थता जताई थी। आवेदन में बताया गया कि वे पिछले लगभग एक वर्ष से अस्वस्थता के कारण कार्य करने में असमर्थ हैं, जिसके चलते वे अपनी बेटी, जो वर्तमान में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है, की दो वर्षों की स्कूल फीस जमा नहीं कर पा रहे थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए समिति द्वारा शिक्षा सहायता फॉर्म के माध्यम से पूरे प्रकरण का विस्तृत सत्यापन कराया गया। सत्यापन के बाद यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कि छात्रा की शिक्षा बाधित न हो, समिति द्वारा ₹20,000 की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया।

समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह “छोटू” के हाथों छात्रा के परिवार को ₹20,000 का चेक सौंपा गया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि
“समाज में ऐसे कई परिवार हैं जो परिस्थितियों के कारण अपने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करते हैं। हमारी समिति का उद्देश्य यही है कि किसी भी बच्चे की शिक्षा आर्थिक अभाव के कारण न रुके। शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है और हम आगे भी जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि समाज के सभी सक्षम लोगों को भी ऐसे सामाजिक कार्यों में आगे आकर सहयोग करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा का अवसर मिल सके।

इस अवसर पर उपस्थित सदस्य:

समिति के कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह, जोगा राव, अनिल चौधरी, डॉ. हरजिंदर सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर शिक्षा सेवा के इस कार्य में अपनी सहभागिता निभाई।