दुर्ग में अवैध अफीम की खेती पर बुलडोजर एक्शन, पौधों का होगा विनिष्टीकरण

 दुर्ग में अवैध अफीम की खेती पर बुलडोजर एक्शन, पौधों का होगा विनिष्टीकरण

दुर्ग/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। समोदा क्षेत्र में सामने आए इस मामले में भाजपा नेता समेत कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब प्रशासन ने खेतों में लगे अफीम के पौधों को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जेसीबी से उखाड़े जा रहे अफीम के पौधे

रविवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से खेतों में लगे अफीम के पौधों को उखाड़ना शुरू कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और दस्तावेजीकरण किया जा रहा है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई में इसका उपयोग किया जा सके।

नियमों के तहत किया जाएगा विनिष्टीकरण

प्रशासन का कहना है कि उखाड़े गए अफीम के पौधों का नियमानुसार विनिष्टीकरण (डिस्ट्रक्शन) किया जाएगा, ताकि इनका किसी भी तरह से दुरुपयोग न हो सके। इसके लिए संबंधित विभागों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कलेक्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया था। उन्होंने बताया कि जांच टीम ने ग्राम झेंझरी, पटवारी हल्का नंबर 8, तहसील एवं जिला दुर्ग की जमीन की जांच की।

जांच में खसरा नंबर 309 (80 डिसमिल) और खसरा नंबर 310 (9 एकड़ 92 डिसमिल) सहित कुल 10 एकड़ 72 डिसमिल भूमि की पड़ताल की गई। यह जमीन मधुमती ताम्रकार और प्रीतिबाला ताम्रकार के पिता सीताराम ताम्रकार के संयुक्त नाम पर दर्ज है।

मक्के की फसल के बीच छिपाकर लगाई गई थी अफीम

जांच के दौरान पता चला कि करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की गई थी। आरोपियों ने प्रशासन की नजरों से बचने के लिए मक्के की फसल के बीच अफीम के पौधे लगा रखे थे।

चार आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विनायक ताम्रकार (58), विकास विश्नोई (27), मनीष ठाकुर और अचला राम जाट (28) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि इस पूरे मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।