Crime News : शादी का झांसा देकर कॉलेज छात्रा का शोषण, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, आरोपी गिरफ्तार

 Crime News : शादी का झांसा देकर कॉलेज छात्रा का शोषण, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, आरोपी गिरफ्तार

Alert chhattisgarh | प्रतिनिधि |

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां कॉलेज में पढ़ाई करने वाली एक छात्रा को शादी का झांसा देकर युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने उस पर दबाव बनाकर गर्भपात करा दिया और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

किराए के मकान में रहकर कर रही थी पढ़ाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती सरकंडा इलाके में किराए के मकान में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी निवासी गौरव दुबे (21) से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए।

गर्भवती होने पर कराया गर्भपात

कुछ समय बाद युवती गर्भवती हो गई। जब उसने इस बारे में युवक को बताया तो आरोपी ने उस पर दबाव बनाते हुए जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी वह युवती का शारीरिक शोषण करता रहा।

शादी से किया इनकार

पीड़िता ने जब आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने साफ मना कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद युवती ने सरकंडा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ा

शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव दुबे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।