अफीम खेती कांड में भाजपा का बड़ा एक्शन: नेता विनायक ताम्रकर पार्टी से निलंबित

 अफीम खेती कांड में भाजपा का बड़ा एक्शन: नेता विनायक ताम्रकर पार्टी से निलंबित

दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती करते पकड़े जाने के बाद भाजपा ने सख्त रुख अपनाते हुए नेता विनायक ताम्रकर को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया है।

पार्टी की छवि पर असर पड़ने के बाद कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती के मामले में सामने आए भाजपा नेता विनायक ताम्रकर पर पार्टी ने कड़ी कार्रवाई की है।
दुर्ग जिले में अफीम की खेती करते पकड़े जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि इस घटना से पार्टी की छवि प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर हुआ निलंबन

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मारकण्डेय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अनुशासनहीनता और पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के कारण विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित किया गया है।

किसान मोर्चा में संभाल रहे थे बड़ी जिम्मेदारी

जानकारी के अनुसार विनायक ताम्रकर भाजपा किसान मोर्चा में राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अफीम की खेती के मामले में उनका नाम सामने आने के बाद पार्टी ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए
उन्हें संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

राजनीतिक हलकों में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अवैध अफीम खेती के मामले में किसी राजनीतिक पदाधिकारी का नाम सामने आने से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।