भिलाई-चरौदा निगम की सख्त कार्रवाई: ड्रीमसिटी में नाले के किनारे बना अवैध कॉम्प्लेक्स जमींदोज

 भिलाई-चरौदा निगम की सख्त कार्रवाई: ड्रीमसिटी में नाले के किनारे बना अवैध कॉम्प्लेक्स जमींदोज

शिकायत के बाद निगम की टीम ने की कार्रवाई, सरकारी जमीन पर खड़ा किया गया था अवैध निर्माण

भिलाई/ नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए, ड्रीमसिटी क्षेत्र में नाले के किनारे किए गए अवैध स्ट्रक्चर को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई शुक्रवार 06 मार्च 2026 को प्रशासकीय निर्देशों के तहत की गई। निगम अमले ने ड्रीमसिटी वार्ड क्रमांक 07 में नाले के समीप निर्माणाधीन अवैध ढांचे को जमींदोज कर दिया। बताया जा रहा है कि यह निर्माण सरकारी भूमि पर किया गया था।

मामले में शिकायतकर्ता अभिषेक मिश्रा, प्लॉट नंबर 98, ड्रीमसिटी कॉलोनी उमदा भिलाई-03 ने अपने प्लॉट के सामने किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ निगम में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

निगम अधिकारियों द्वारा मौके पर किए गए निरीक्षण में पाया गया कि सरकारी भूमि पर करीब 15 फीट गहरा और लगभग 50 फीट चौड़ा कॉम्प्लेक्सनुमा अवैध निर्माण किया जा रहा था।

निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत के निर्देश पर की गई कार्रवाई

निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत के निर्देशानुसार राजस्व अधिकारी श्रीमती अरुणिमा दुबे के नेतृत्व में निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई पूरी की।

इस दौरान उप अभियंता मुकेश रात्रे, सहायक राजस्व निरीक्षक श्रीमती सरोजनी यदु, दुष्यंत चतुर्वेदी सहित निगम के अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।