धमतरी में 17 नई शराब दुकानों की खबर निकली फर्जी, आबकारी विभाग ने वायरल पत्र का किया खंडन

 धमतरी में 17 नई शराब दुकानों की खबर निकली फर्जी, आबकारी विभाग ने वायरल पत्र का किया खंडन

Alert Chhattisgarh | डोमन साहू की रिपोर्ट

धमतरी: जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक पत्र तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें 17 नई शराब दुकान खोले जाने का दावा किया जा रहा है। इस खबर के वायरल होते ही लोगों के बीच तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

हालांकि, इस पूरे मामले पर आबकारी विभाग धमतरी ने स्पष्ट खंडन जारी किया है। विभाग ने कहा है कि सोशल मीडिया में चल रही यह जानकारी पूरी तरह से भ्रामक और गलत है। जिले में कोई भी नई शराब दुकान नहीं खोली जा रही है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार वायरल पत्र में केवल मदिरा दुकानों के संभावित स्थानांतरण को लेकर संबंधित ग्राम पंचायतों से सहमति मांगी गई है। इसे नई दुकानों के रूप में प्रस्तुत करना गलत और भ्रामक है।

आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोत से ही करें।