बीटी रोड निर्माण में बड़ा खेल! ई-निविदा से वर्क ऑर्डर तक सब कुछ, फिर भी 1 साल में सड़क अधूरी
भिलाई-चरौदा/ नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वार्ड क्रमांक 15 अंतर्गत अस्पताल ट्रैडर्स से गैलेक्सी चौक तक बी.टी. रोड रिसर्फेसिंग का कार्य एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है, जबकि कागजों में सब कुछ समय पर किया गया।
14 अक्टूबर 2024 को जारी हुई थी ई-निविदा
नगर निगम द्वारा इस कार्य हेतु 14 अक्टूबर 2024 को ई-प्रोक्योरमेंट के माध्यम से निविदा जारी की गई थी। निविदा क्रमांक 159835 के अंतर्गत कार्य की अनुमानित लागत 21.57 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 08 नवंबर 2024 तय की गई थी, जिसके बाद प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
25 फरवरी 2025 को जारी हुआ वर्क ऑर्डर
संपूर्ण प्रक्रिया के बाद 25 फरवरी 2025 को M/s Bhuwan Constructions, रिसाली भिलाई को कार्यादेश जारी किया गया। ठेकेदार द्वारा 13.766 प्रतिशत Below SOR दर पर कार्य स्वीकृत किया गया।
स्वीकृत राशि: ₹18,60,023
निर्धारित समयावधि: 06 माह (वर्षा ऋतु को छोड़कर)
समय सीमा खत्म, सड़क आज भी बदहाल
नियत समयावधि समाप्त होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य आज भी अधूरा पड़ा है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि सड़क पर गड्ढे, उखड़ी डामर और धूल से लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
निगम की निगरानी पर उठे गंभीर सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ई-निविदा, वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी है, तो फिर कार्य पूरा क्यों नहीं हुआ? क्या ठेकेदार पर कोई कार्रवाई होगी या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
अब जनता की नजरें निगम प्रशासन पर टिकी हैं कि दोषियों पर कार्रवाई कब होगी और क्षेत्रवासियों को कब राहत मिलेगी।


