भिलाई। कचान्दुर स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। मंत्रालय के उप सचिव रवि चंद्र एवं प्रोग्राम डायरेक्टर अरुण शर्मा ने मौके पर पहुंचकर परियोजना की वर्तमान स्थिति और निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित इंजीनियरों से एसटीपी निर्माण कार्य की प्रगति, अब तक पूर्ण किए गए कार्यों और शेष कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है, ताकि परियोजना का लाभ नागरिकों को निर्धारित समय पर मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम भिलाई के कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, सहायक अभियंता अजय गौर, उप अभियंता आशीष भारती, एसएनबी एवं पीएमसी के अभियंताओं सहित सूडा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसटीपी परियोजना का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने पर जोर
निरीक्षण के माध्यम से अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कर नागरिकों को इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए।





