निगम आयुक्त ने ट्रांसपोर्ट नगर में किए जा रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, समय सीमा में कार्य पूर्ण करने दिए निर्देश

भिलाई-3/ कलेक्टर रिचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार नगर निगम भिलाई-चरौदा कमिश्नर डी.एस. राजपूत ने अपनी टीम के साथ आज गुरूवार को ट्रांसपोर्ट नगर का दौरा किया। इस दौरान ट्रांसपोर्ट नगर के फेस-1 और फेस-2 में किये जा रहे निर्माण कार्य को लेकर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश भी प्रदान किये।
उल्लेखनीय है कि ट्रांसपोर्ट नगर के फेस-2 में शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य स्लैब लेवल तक पहुंच चुका है। कार्य की गति धीमी होने के कारण निगम कमिश्नर डी.एस. राजपूत द्वारा नाराजगी जाहिर करते हुये समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा फेस-1 और फेस-2 में डिवाईडर, पार्किंग, निकासी नाली सहित सुगम आवागमन हेतु रोड निर्माण का कार्य गुणवत्ता युक्त शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान निगम के कार्यपालन अभियंता सुनिल जैन, सहायक अभियंता प्रशांत शुक्ला, सहायक अभियंता डी.के. पाण्डेय सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।