प्रेमिका के मंगेतर पर जानलेवा हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से किया वार; आरोपी गिरफ्तार
जामुल पुलिस की कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
भिलाई/दुर्ग। प्रेम संबंध और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से हमला किया। घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे जामुल थाना क्षेत्र के शिवपुरी इलाके की है। मामले में जामुल पुलिस ने आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त किया है।
आधार कार्ड मांगने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर की रात वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। बताया गया कि विवाह के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता होने पर किरण द्वारा आरोपी से आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।
नया मकान दिखाने के बहाने ले गया शिवपुरी
आरोप है कि विवाद के दौरान दीपक गुप्ता ने अमित को नया मकान दिखाने की बात कहकर शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और हत्या की नीयत से धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घायल युवक को दुर्ग किया गया रेफर
घटना के बाद घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
हथियार जब्त, आरोपी गिरफ्तार
जामुल पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार जब्त किया। विवेचना के दौरान आरोपी दीपक गुप्ता, निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, दीदार स्टूडियो के पीछे, थाना छावनी, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 779/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) में अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रेम संबंधों, पारिवारिक मामलों और आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी परिस्थिति में हिंसा का सहारा न लें। गंभीर विवाद या संभावित अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।



