वार्ड 19 पदुमनगर में बना ‘अभिनंदन चौक’, रहवासियों की वर्षों पुरानी परेशानी का हुआ समाधान

 वार्ड 19 पदुमनगर में बना ‘अभिनंदन चौक’, रहवासियों की वर्षों पुरानी परेशानी का हुआ समाधान

पार्षद मनीष वर्मा ने श्रीफल तोड़कर स्वीकार किया मोहल्लेवासियों का आवेदन, स्ट्रीट लाइट के बाद अब सीसी रोड निर्माण की पहल

भिलाई-चरोदा। नगर निगम भिलाई-चरोदा के वार्ड क्रमांक 19 पदुमनगर में स्थानीय रहवासियों की सुविधा और क्षेत्र की पहचान को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। श्रीराम सिटी के पीछे मैत्री चौक से आगे शराब भट्ठी तक विकसित हो चुके क्षेत्र को अब ‘अभिनंदन चौक’ के नाम से जाना जाएगा। इस क्षेत्र में वर्तमान में करीब 80 से 100 मकान बन चुके हैं।

स्थानीय रहवासियों के मुताबिक क्षेत्र का स्पष्ट नाम और पहचान नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से अपना पता बताने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गैस एजेंसी के कर्मचारियों को घर तक सिलेंडर पहुंचाने, पोस्टमैन को पत्र एवं डाक पहुंचाने सहित अन्य जरूरी सेवाओं में भी दिक्कत होती थी। इसी समस्या को देखते हुए क्षेत्र के मोहल्लेवासियों ने पार्षद मनीष वर्मा को आवेदन सौंपकर इस क्षेत्र को पदुमनगर के अंतर्गत ‘अभिनंदन चौक’ के नाम से पहचान देने का आग्रह किया।

पार्षद ने श्रीफल तोड़कर स्वीकार किया आवेदन

मोहल्लेवासियों के आग्रह पर पार्षद मनीष वर्मा ने श्रीफल तोड़कर आवेदन स्वीकार किया और क्षेत्र की नई पहचान के लिए पहल करने की बात कही। रहवासियों का कहना है कि चौक का नाम निर्धारित होने से अब उन्हें अपना पता बताने में सुविधा होगी तथा डाक, गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक सेवाओं की डिलीवरी में भी परेशानी कम होगी।

स्ट्रीट लाइट से रोशन हुआ क्षेत्र, बाकी खंभों पर भी जल्द होगी व्यवस्था

पार्षद मनीष वर्मा के प्रयास से क्षेत्र में पार्षद निधि की राशि से स्ट्रीट लाइट भी लगाई गई हैं। जिन स्थानों पर अभी स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है, वहां बचे हुए खंभों पर भी जल्द लाइट लगाने की बात कही गई है।

स्ट्रीट लाइट की सुविधा मिलने से क्षेत्र के रहवासियों को रात के समय आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। इस पहल के लिए मोहल्लेवासियों ने पार्षद मनीष वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

अब सीसी रोड निर्माण की तैयारी, आयुक्त ने दिया आश्वासन

क्षेत्र में सड़क की समस्या को लेकर भी पार्षद मनीष वर्मा ने पहल शुरू की है। उन्होंने नगर निगम भिलाई-चरोदा की सामान्य सभा में श्रीराम सिटी के पीछे सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इसके साथ ही श्रीराम सिटी के पीछे स्थित अन्य मार्गों के निर्माण को लेकर भी नगर निगम आयुक्त को प्रस्ताव देकर जल्द सड़क निर्माण की मांग की गई है।

नगर निगम भिलाई-चरोदा के कमिश्नर डीएस राजपूत ने प्रस्ताव को जल्द शामिल कर क्षेत्र में सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इससे क्षेत्र के रहवासियों को आने वाले समय में बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

रहवासियों ने जताया आभार

अभिनंदन चौक नामकरण की पहल, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और सीसी रोड निर्माण के प्रस्ताव को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा गया। रहवासियों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार मकानों की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में स्पष्ट पहचान और बुनियादी सुविधाएं बेहद जरूरी हैं। उन्होंने पार्षद मनीष वर्मा द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बेबी सिंह, जी. आराध्या, एन. स्वाति, जी. स्वाति, डी. लक्ष्मी, मंजू नेताम, सावित्री पाल, तेजस्वी साहू, पुष्पा सिंह, संजय वराडे, महावती मराडे, शर्फूनिशा बेगम, डी. दामोदर राव, सतीश कुमार सिंह, हुलार सिंह नेताम, माया तिवारी, पंकज तिवारी, हेमा, डी. गोविंदराव, निशा देवांगन, छोटा साहू, डी. भारती, डी. रमा, सत्येंद्र कुमार सिंह, कुणाल सिंह, डी. बैरागी एवं भरत साहू सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।