‘ऑपरेशन खेमू’ की सफलता पर सम्मान समारोह, साइबर सेल और पुलिस टीम के उल्लेखनीय योगदान की सराहना

 ‘ऑपरेशन खेमू’ की सफलता पर सम्मान समारोह, साइबर सेल और पुलिस टीम के उल्लेखनीय योगदान की सराहना

तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और डॉग ट्रैकर की मदद से पुलिस ने हासिल की महत्वपूर्ण सफलता

दुर्ग/ सातवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई एवं जिला बल दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘ऑपरेशन खेमू’ के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अभियान के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, साइबर सेल के सदस्यों, डॉग लवर एसोसिएशन, नगर निगम कर्मियों एवं सहयोगी नागरिकों के योगदान की सराहना की गई।

समारोह में सेनानी श्रीमती निवेदिता पॉल (रा.पु.से.), उप सेनानी श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम (रा.पु.से.), उप सेनानी श्रीमती सबा अंजुम, सहायक सेनानी श्री इंद्रसेन चंजारे एवं सहायक सेनानी श्री संदीप मोरे सहित सातवीं वाहिनी एवं साइबर सेल तथा जिला दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

तकनीकी साक्ष्यों से चिन्हित किए गए संभावित मार्ग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में साइबर सेल, जिला दुर्ग द्वारा ऑपरेशन खेमू के दौरान उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों से प्राप्त फुटेज का संग्रहण एवं विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस श्वान ‘खेमू’ के संभावित आवागमन मार्गों को चिन्हित किया गया।

इसके बाद ट्रैकर डॉग टीम के साथ समन्वय स्थापित कर चिन्हित मार्गों पर व्यवस्थित रूप से तलाश अभियान चलाया गया।

सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप से भी जुटाई गई जानकारी

पुलिस टीम ने श्वान ‘खेमू’ का फोटो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सऐप ग्रुप में व्यापक रूप से प्रसारित किया। इसके माध्यम से आम नागरिकों से सहयोग एवं महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त करने का प्रयास किया गया।

जनसहयोग के माध्यम से प्राप्त महत्वपूर्ण सूचनाओं और पुलिस टीम द्वारा किए गए तकनीकी विश्लेषण के परिणामस्वरूप श्वान ‘खेमू’ को सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल हुई।

साइबर सेल की टीम का रहा अहम योगदान

ऑपरेशन को सफल बनाने में साइबर सेल, जिला दुर्ग के सहायक उप निरीक्षक सुरेश पांडे, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह, आरक्षक विश्वजीत सिंह, आरक्षक राजू राणा एवं आरक्षक चन्दन भास्कर का विशेष एवं उल्लेखनीय योगदान रहा।

टीम द्वारा तकनीकी सूचनाओं के संकलन, CCTV फुटेज के विश्लेषण तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संभावित मार्गों का निर्धारण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

डॉग लवर एसोसिएशन और नागरिकों ने भी दिया सहयोग

अभियान के दौरान डॉग लवर एसोसिएशन, नगर निगम एवं आम नागरिकों द्वारा पुलिस टीम को आवश्यक सहयोग एवं महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं।

विशेष रूप से श्री के. अनुप कुमार एवं श्री अमित दुबे सहित अन्य सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की गई।

सेनानी निवेदिता पॉल ने की पुलिस टीम की सराहना

सम्मान समारोह के दौरान सेनानी श्रीमती निवेदिता पॉल ने ऑपरेशन खेमू की सफलता में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, साइबर सेल के सदस्यों, डॉग लवर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, नगर निगम कर्मियों एवं आम नागरिकों के कार्य और सहयोग की सराहना की।

उन्होंने अभियान के दौरान तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, टीमवर्क और जनसहयोग को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ऑपरेशन खेमू की सफलता ने एक बार फिर यह साबित किया कि आधुनिक तकनीक, पुलिस की तत्परता और आम नागरिकों के सहयोग के बेहतर समन्वय से किसी भी चुनौतीपूर्ण अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाया जा सकता है।