कुम्हारी के जंजगिरी में सरकारी दुर्गा मंच की लोकार्पण पट्टिका तोड़ी, अज्ञात के खिलाफ FIR
वार्ड 23 के पार्षद की शिकायत पर नगरपालिका ने पुलिस को भेजा पत्र, कुम्हारी पुलिस ने धारा 3(1)-LCG और 324(3)-BNS के तहत शुरू की कार्रवाई
कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र के ग्राम जंजगिरी स्थित वार्ड क्रमांक 23 के दुर्गा मंच की लोकार्पण पट्टिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़कर शासकीय संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घटना 24 अगस्त 2026 की बताई जा रही है। मामले में वार्ड पार्षद लोकेश कुमार साहू की शिकायत के बाद नगरपालिका परिषद कुम्हारी ने पुलिस को पत्र भेजकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड 23 में सत्ती मंदिर के बाजू स्थित शासकीय भवन दुर्गा मंच पर लोकार्पण पट्टिका लगाई गई थी। आरोप है कि 24 अगस्त को किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर लोकार्पण पट्टिका को तोड़ दिया। इससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
पार्षद ने नगरपालिका में की शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद वार्ड पार्षद लोकेश कुमार साहू ने 25 अगस्त को नगर पालिका परिषद कुम्हारी में शिकायत प्रस्तुत कर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पुलिस थाना कुम्हारी को पत्र भेजा।
नगरपालिका द्वारा 27 अगस्त 2026 को जारी पत्र क्रमांक 1299/लोनिवि/नपा/2026 में उल्लेख किया गया है कि ग्राम जंजगिरी वार्ड क्रमांक 23 स्थित दुर्गा मंच की लोकार्पण पट्टिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर तोड़ा गया है। पत्र में संबंधित अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
अज्ञात आरोपी की तलाश में पुलिस
नगरपालिका के पत्र और शिकायत के आधार पर कुम्हारी पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा धारा 3(1)-LCG और 324(3)-BNS के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पट्टिका तोड़ने वाले आरोपी की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान के लिए उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
नगरपालिका ने मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग को भी प्रेषित की है। शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।



