3 से 4 हजार शिक्षकों को दुर्ग पुलिस ने पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ, विद्यार्थियों और समाज तक जागरूकता पहुंचाने की अपील
दुर्ग। शिक्षक संगठनों के संयुक्त कार्यक्रम में शामिल करीब 3 से 4 हजार शिक्षक-शिक्षिकाओं को दुर्ग पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के प्रति सतर्क रहने के साथ-साथ यह जानकारी विद्यार्थियों, परिवारजनों और आसपास के नागरिकों तक पहुंचाने की अपील की।
फर्जी कॉल, लिंक और OTP से रहें सावधान
27 अगस्त 2026 को विभिन्न शिक्षक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस की टीम ने साइबर जागृति अभियान के तहत उपस्थित लोगों को आमतौर पर होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, OTP की मांग, बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल करने के प्रयास और अन्य तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। शिक्षकों को समझाइश दी गई कि OTP, पासवर्ड, बैंक खाता संबंधी जानकारी, ATM/डेबिट कार्ड विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
शिक्षक बनेंगे साइबर जागरूकता के संदेशवाहक
दुर्ग पुलिस ने शिक्षकों से अपील की कि साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी केवल स्वयं तक सीमित न रखें। शिक्षक अपने विद्यार्थियों, परिवारजनों, ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के नागरिकों को भी साइबर ठगी के तरीकों तथा उनसे बचने के उपायों के बारे में जागरूक करें।
पुलिस का मानना है कि बड़ी संख्या में शिक्षकों तक पहुंचने से साइबर सुरक्षा का संदेश विद्यार्थियों और उनके माध्यम से परिवार एवं समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।
मांगों पर आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
शिक्षक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में टीईटी परीक्षा, वेतन विसंगति, क्रमोन्नति और पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर भी चर्चा हुई। शासन स्तर से मिले आश्वासन के बाद शिक्षक संगठनों द्वारा आंदोलन स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक संगठन की महिला सदस्यों ने सर्किट हाउस दुर्ग पहुंचकर शिक्षा मंत्री को तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर शासन से मिले आश्वासन पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के पश्चात लगभग 15:30 बजे शांतिपूर्ण ढंग से हुआ।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक खाता, ATM/डेबिट कार्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और ऑनलाइन ठगी होने या ठगी का प्रयास किए जाने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने नागरिकों से यह भी अपील की कि साइबर अपराध से बचाव की जानकारी अपने परिवार, विद्यार्थियों और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि सामूहिक जागरूकता के माध्यम से साइबर ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



