सड़क पर अवरोध डालना पड़ा भारी: BNS धारा 152 के तहत 9 के खिलाफ कार्रवाई, नो-पार्किंग पर ई-चालान
दुर्ग। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा सड़क एवं सर्विस रोड पर अवरोध करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस दुर्ग के साथ सुपेला एवं छावनी थाना पुलिस द्वारा प्रमुख बाजार क्षेत्रों, नेशनल हाईवे और सर्विस रोड को यातायात बाधामुक्त करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान सड़क एवं सर्विस रोड पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले वाहनों को हटाया जा रहा है। वहीं नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा वाहन चालकों को सार्वजनिक मार्ग पर पार्किंग नहीं करने की समझाइश भी दी जा रही है।
दुकानों के सामने अतिक्रमण हटाया
यातायात पुलिस द्वारा नगर निगम के सहयोग से दुकानों के सामने सड़क पर रखे सामान, अस्थायी कब्जे और अन्य अतिक्रमण भी हटाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सड़क की उपलब्ध चौड़ाई को बनाए रखते हुए पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।
BNS धारा 152 के तहत 9 के विरुद्ध कार्रवाई
सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध उत्पन्न करने के मामलों में पुलिस ने BNS की धारा 152 के तहत 9 व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित थानों में कार्रवाई की है। कार्रवाई में शामिल लोगों में—
- बलविंदर सिंह, निवासी राजनांदगांव गांव।
- शानके श्रीवास्तव, पिता प्रकाश श्रीवास्तव, निवासी कैलाश नगर।
- मोईदीन खान, पिता साकिदीन खान, निवासी बालोद।
- शैलेश कुमार साव, पिता प्रकाश साव, निवासी कैंप-1, भिलाई।
- इंदर लाल लहरे, पिता सीताराम लहरे, निवासी शास्त्री नगर।
- सन्नी कुमार साव, पिता परमेश्वर साव, निवासी रायपुर।
7 से 9. ब्रिज के नीचे कंडम वाहन खड़ा कर मार्ग में अवरोध उत्पन्न करने वाले तीन वाहन मालिक।
सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए, अतिक्रमण के लिए नहीं
यातायात पुलिस दुर्ग ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क अथवा सर्विस रोड पर वाहन खड़ा न करें। दुकानदार दुकानों के सामने सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें। पुलिस ने नागरिकों से यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है, अतिक्रमण और अवरोध के लिए नहीं। यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



