चन्द्रा मौर्या रोड अंडरब्रिज छोटे वाहनों के लिए खुला, भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
भिलाई नगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से चन्द्रा मौर्य रोड स्थित अंडरब्रिज क्रमांक–358 (RUB), वार्ड क्रमांक–30 को 15 अगस्त 2026 से छोटे वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है।
अंडरब्रिज को आम नागरिकों के लिए खोले जाने के दौरान महापौर नीरज पॉल, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा एवं जोन आयुक्त कुलदीप गुप्ता उपस्थित रहे।
2.55 मीटर से कम ऊंचाई वाले वाहनों को ही अनुमति
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अंडरब्रिज में केवल 2.55 मीटर से कम ऊंचाई वाले छोटे वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
अधिक ऊंचाई वाले अथवा भारी वाहनों के प्रवेश से अंडरब्रिज की संरचना को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रह सकती है। इसलिए वाहन चालकों से निर्धारित प्रतिबंधों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की गई है।
20 किमी प्रति घंटे की रहेगी अधिकतम गति सीमा
अंडरब्रिज के भीतर अधिकतम गति सीमा 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।
भारी वाहनों के चालकों को अंडरब्रिज में प्रवेश करने के बजाय निर्धारित एवं उपयुक्त वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
सुरक्षित आवागमन के लिए सहयोग की अपील
नगर निगम ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित ऊंचाई एवं वजन संबंधी प्रतिबंधों का ध्यान रखने तथा अंडरब्रिज में सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है।
अंडरब्रिज के खुलने से वार्ड क्रमांक–30 सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को छोटे वाहनों से आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

