अवैध शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार, 32 पौवा देशी शराब जब्त
पुरानी भिलाई। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पौवा शोले प्लेन देशी शराब, कुल 5.760 बल्क लीटर, जिसकी कीमत करीब 2,560 रुपये बताई गई है, बरामद की है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 की रात थाना पुरानी भिलाई की टीम टाउन पेट्रोलिंग एवं अभियान कार्रवाई पर रवाना हुई थी। इसी दौरान उमदा चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि इंदिरा नगर हथखोज निवासी सुधीर कुमार महतो (41 वर्ष) अपने घर से अवैध शराब लेकर उसे बिक्री के लिए ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित अपनी किराना दुकान की ओर ले जा रहा है।
सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए पुलिस ने गवाह अविनाश ढीमर एवं किशन ढीमर को साथ लिया और ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित सांई किराना स्टोर्स के सामने घेराबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम सुधीर कुमार महतो, पिता रामदेव महतो, निवासी इंदिरा नगर हथखोज बताया।
पुलिस ने आरोपी के पास रखी प्लास्टिक बोरी की तलाशी लेने से पहले नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी की। तलाशी के दौरान बोरी के अंदर 32 नग शोले प्लेन देशी शराब के पौवा मिले। प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी हुई थी तथा बोतलों पर छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग की लेबल पर्ची लगी हुई थी।
शराब के संबंध में आरोपी से दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब को जब्त किया। जब्त शराब में से 04 पौवा सैंपल के लिए पृथक कर सीलबंद किए गए, जबकि शेष 28 पौवों को अलग बोरी में सीलबंद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मौके पर देहाती नालसी तैयार कर कार्रवाई शुरू की और बाद में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 00/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक गंगा प्रसाद श्रीवास, पीएसआई गजेन्द्र सिंह पुलस्त, आरक्षक 173 संजय मनहरे एवं आरक्षक 648 बंटी सिंह की भूमिका रही।
जब्त सामग्री: 32 पौवा शोले प्लेन देशी शराब, कुल मात्रा 5.760 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत 2,560 रुपये।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

